बरेली: बल्ले से हमले के मामले में 13 दिन बाद दर्ज की रिपोर्ट
बरेली, अमृत विचार। क्रिकेट मैच के दौरान विवाद में बीच-बचाव करने पर युवक पर चार लोगों ने बल्ले से हमला कर दिया। युवक की मां रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए चक्कर काटती रहीं, तब थाना बारादरी पुलिस ने 13 दिन बाद रिपोर्ट दर्ज की है।
अब आरोपी पीड़िता व उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एजाजनगर गौटिया निवासी सलमा बी ने बताया कि 30 दिसंबर को चुकंदर वाले बाग में उनका बेटा आदिल मैच देखने के लिए गया था।
वहां पर कामरान और नदीम की कुछ लोगों से कहासुनी हो रही थी, तभी उनके बेटे आदिल ने बीच बचाव करना चाहा। इस पर कामरान नाराज हो गया और उसने अपने साथी आसिफ, परवेज, जोंटी और मोंटी के साथ मिलकर बल्ले से हमला कर दिया। घटना के बाद आदिल को मरा समझकर आरोपी भाग गए।
सूचना पर सलमा बी मौके पर पहुंची और बेटे को थाने ले गईं। वहां से पुलिस ने अस्पताल भेज दिया। तीन दिन बाद आदिल को होश आया। डॉक्टरों ने सिर में ब्लड के थक्के जमा होना बताया है। उसकी एक आंख की रोशनी भी कम हो गई है। शिकायत पर बारादरी पुलिस ने जानलेवा हमले समेत अन्य धाराओं में आरोपी कामरान आसिफ, परवेज, जोंटी व मोंटी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ये भी पढ़ें: बरेली: आध्यात्मिक नेता और समाज सुधारक थे स्वामी विवेकानंद- मेयर उमेश गौतम
