बरेली: 9 घंटे बाद गन्ने के खेत में मिला छात्रा का क्षत विक्षत शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शीशगढ़/ बरेली, अमृत विचार। सोमवार शाम को गांव से लापता हुई छात्रा का शव मंगलवार सुबह गांव के पास गन्ने के खेत से बरामद हुआ। शव काफी क्षत विक्षत स्थिति में व कई टुकड़ों में बंटा था। ग्रामीणों के साथ पुलिस व वन विभाग की टीम का भी कहना था कि बच्ची को तेंदुए ने …

शीशगढ़/ बरेली, अमृत विचार। सोमवार शाम को गांव से लापता हुई छात्रा का शव मंगलवार सुबह गांव के पास गन्ने के खेत से बरामद हुआ। शव काफी क्षत विक्षत स्थिति में व कई टुकड़ों में बंटा था। ग्रामीणों के साथ पुलिस व वन विभाग की टीम का भी कहना था कि बच्ची को तेंदुए ने अपना शिकार बनाया है। घटना के बाद गांव में दहशत फैली हुई है। वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश में जुटी है। सोमवार देर शाम करीब 8 बजे शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बुझिया निवासी बब्लू राजपूत की कक्षा चार में पढ़ने वाली 12 साल की बेटी उपासना दुकान से कुछ सामान लेने गई थी। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला।

ग्रामीणों ने खोजबीन की तो गांव में एक जगह कुछ खून दिखा। वहां पर तेंदुए के पैर के निशान भी दिखे। इससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया। गांव के लोगों ने घटना की जानकारी वन विभाग और पुलिस को दी। इसके बाद से ही वन विभाग और पुलिस के साथ ग्रामीण बच्ची को तलाश करने लगे। रात 1 बजे तक जंगल में सर्च अभियान चलाया गया। लेकिन बच्ची को कोई सुराग नहीं लग सका। मंगलवार सुबह 5 बजे डिप्टी रेंजर प्रदीप कुमार ,वन क्षेत्राधिकारी रवि सिंह की टीम ने गांव के लोगों के साथ फिर से बच्ची को खोजने के लिए सर्च अभियान शुरू किया।

करीब आधा घंटे तलाशी के बाद बच्ची का शव गांव से ही 500 मीटर की दूरी पर स्थित बलकार सिंह के खेत में मिला। शव देखने के बाद गांव के लोग सन्न रह गए। शव काफी क्षत विक्षत व तीन हिस्सों में बंटा था। बच्ची के दोनों पैरों में चप्पलें थी। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए ने ही बच्ची को मारकर उसे अपना निवाला बनाया है। टीमें तेंदुए की तलाश में जुटी हैं। वहीं बालिका की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा है। वहीं आस पास के गांव में दहशत फैल गई है।

“सुबह 5.30 बजे बच्ची का क्षत विक्षत शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला। हमारी टीम रात से ही मौके पर है। वन विभाग की अन्य टीमें भी पहुंच गई हैं। तेंदुए को पकड़ने के लिए पिजड़े लगाए जाएंगे।”–प्रदीप कुमार, डिप्टी रेंजर

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज