अयोध्या: अलाव जलाकर सोने चली गई थी महिला, पुआल में लगी आग से बुरी तरह से झुलसी, मौत
तारुन, अयोध्या। तारुन थाना क्षेत्र के फतेहपुर कमासिन गांव में शुक्रवार देर रात अलाव की चपेट में आकर एक 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई। बताया जाता है कि शुक्रवार देर रात गांव निवासी सूर्यकला खाना खाकर मकान से सटे दूसरे कमरे में सोने चली गई। ठंड के कारण उसने अलाव जला रखा था। चारों ओर पुआल रखा था।
इसी दौरान असावधानी वश पुआल में आग लग गई। जब तक महिला कुछ संभल पाती तब तक आग भड़क गई और वह चपेट में आ गई। जब तक परिवार के लोग कुछ समझ पाते वह बुरी तरह से झुलस गई। परिजनों के अनुसार कुछ ही देर में वृद्धा ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह भी पढ़ें: सुलतानपुर: उत्पादन के नाम पर निवेशकों ने जमा करा लिए 60 लाख रुपए, भुगतान मांगा तो चेक हो गया बाउंस, शिकायत दर्ज
