भाजपा नेता गुरचरणजीत सिंह काला आम आदमी पार्टी में शामिल, चंडीगढ़ में अब ‘आप’ पार्षदों की संख्या हुई 13
चंडीगढ़। चंडीगढ़ में 18 जनवरी को होने वाले महापौर चुनाव से ठीक पहले हल्लोमाजरा से भाजपा पार्षद गुरचरणजीत सिंह काला आज आम आदमी पार्टी में शामिल हो गये। विधायक कुलवंत सिंह ने काला को रस्मी तौर पर आम आदमी पार्टी में शामिल करवाया। चंडीगढ़ में अब ‘आप’ के पार्षदों की संख्या 13 हो गयी है, जबकि भाजपा के पार्षदों की संख्या घटी है।
साफ है कि 18 जनवरी को होने वाले महापौर चुनाव से ठीक पहले आम आदमी पार्टी न केवल मजबूत हुई है, बल्कि भाजपा के लिये बड़ी चुनौती भी बन गयी है। आम आदमी पार्टी में शामिल होने के उपरांत पार्षद काला ने एक बयान जारी करते हुये कहा कि वह अपनी मर्जी से भाजपा छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुये हैं। उन पर किसी तरह का कोई दबाव नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाते कहा कि भाजपा वालों ने उनके परिवार को गुमराह कर उनके अपहरण की झूठी अफवाह फैलाई है। अठारह जनवरी को होने वाले मेयर चुनाव के लिये आम आदमी पार्टी ने कुलदीप कुमार टीटा को मेयर पद का उम्मीदवार घोषित किया है, जबकि नेहा मुसावत को सीनियर डिप्टी मेयर और पूनम को उप महापौर के लिये उम्मीदवार खड़ा किया है, जिन्होंने आज नामांकन भर दिया है।
ये भी पढ़ें - PFI मामले में NIA ने की बड़ी कार्रवाई, दो लोगों के खिलाफ पूरक आरोप पत्र किया दाखिल
