बदायूं: छेड़छाड़ के आरोपी शिक्षक ने बदनामी के डर से खाया जहरीला पदार्थ, मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

DEMO IMAGE

बदायूं, अमृत विचार: छेड़छाड़ के आरोपी शिक्षक ने बदनामी के डर से विषाख्त पदार्थ खा लिया। कुछ ही देर के बाद हालत बिगड़ी तो परिजन उसे अस्पताल ले गए। जहां शिक्षक की मौत हो गई। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस शिक्षक को कोतवाली बुलाकर पूछताछ कर रही थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। शिक्षक के भाई ने महिला और उसके शिक्षक पति पर दस लाख रुपये मांगने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी व्यक्ति विकास क्षेत्र म्याऊं के एक परिषदीय विद्यालय में प्रधानाध्यापक है। उसकी पत्नी ने नौ जनवरी को कोतवाली सिविल लाइन में बिल्सी क्षेत्र के गांव सहसपुर निवासी व विकास क्षेत्र म्याऊं के उच्च प्राथमिक विद्यालय गूरा बरेला में तैनात शिक्षक नीलम सिंह के खिलाफ शिकायती पत्र दिया था। 

शिक्षक पर छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगाया था। महिला ने बताया कि उनकी कॉलोनी के पास ही नीलम सिंह अपने घर का निर्माण करा रहे थे। कभी-कभार वह महिला के घर पर आते थे। महिला का आरोप था कि आठ जनवरी को वह घर पर पहुंची। इसी दौरान नीलम सिंह उनके घर पर आए और छेड़छाड़ शुरू कर दी। 

विरोध करने पर मारपीट की। महिला की तहरीर पर पुलिस ने नीलम सिंह के खिलाफ छेड़छाड़ और मारपीट के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने नीलम सिंह को पूछताछ के लिए बुलाया। शिक्षक को लगा कि पुलिस उन्हें जेल भेज देगी। उनकी बदनामी होगी। वह घर गए और विषाख्त पदार्थ खा लिया। जिससे शिक्षक की हालत बिगड़ गई। परिजन घबरा गए। उन्हें जिला अस्पताल लेकर आए। 

जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची। मृतक शिक्षक के भाई उर्मिलेश की तहरीर पर महिला और उसके शिक्षक पति के खिलाफ दस लाख रुपये न देने पर परेशान करने और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। सिविल लाइन कोतवाल के प्रभारी निरीक्षक गौरव विश्नोई ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर पति-पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आगे की जांच की जा रही है।

20 लाख का लिया लोन, जानकारी होने पर महिला ने मांगे रुपये
मृतक नीलम सिंह महिला के पति को शिक्षक होने के नाते पहले से जानते थे। महिला के पति के कहने पर ही नीलम सिंह ने उनकी कॉलोनी के पास जमीन खरीदी थी। बैंक से 20 लाख रुपये का लोन लेकर निर्माण करा रहे थे। महिला के पति ने उन्हें निर्माण संबंधी सामग्री रखने के लिए अपने घर पर जगह दी थी। महिला को शिक्षक के लोन लेने की जानकारी हुई। आरोप है कि इसके बाद महिला और उसके पति ने 10 लाख रुपये की मांग करने लगे थे।

यह भी पढ़ें- बदायूं: दहेज मांग रहा था मंगेतर, परेशान युवती ने फंदा लगाकर दी जान

संबंधित समाचार