लखनऊ : मकर संक्रांति तो बहाना है, असली बात एक जुटता दिखाना है

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। मकर संक्रांति पर खिचड़ी का खासा महत्व है। राजधानी लखनऊ में इस पर्व को लेकर लोगों में बेहद ही उत्साह रहता है। इस पर्व के अवसर पर पूरे महीने जगह- जगह खिचड़ी भोज का राजधानी में आयोजन होना आम बात है। अलग-अलग विभाग के कर्मचारी संगठनों की तरफ से खिचड़ी और तहरी भोज का आयोजन कर्मचारी एकता को भी दर्शाता है। साथ ही खिचड़ी भोज का आयोजन सामाजिक समरसता का भी संदेश देता है।

राजधानी के जलकल विभाग के कैंप कार्यालय जोन-1 में जलकल, नगर निगम नियमित एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारी संघ की तरफ से शुक्रवार को तहरी भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगर निगम नियमित एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारी संघ के अध्यक्ष  नितिन त्रिवेदी ने कहा कि सभी त्योहारों का मूल आधार आपसी एकता और एकजुटता है। इसी से सामाजिक एकता का विकास संभव है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारियों की एकता ही उनकी ताकत है। 

इस अवसर पर अन्य कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य भी शामिल हुये। तहरी भोज के इस अवसर पर कर्मचारियों की एकता भी देखते बनी। लोग तहरी भोज के साथ कर्मचारी समस्याओं पर बात करते नजर आये।  वहीं इस दौरान नगर निगम नियमित एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारी संघ के महामंत्री आकाश गुप्ता, रुदल राजभर, ऋषि कुमार, मनोज नायक, आशीष कुमार, रोहित कुमार समेत दर्जनों लोग शामिल हुये। 

यह भी पढ़ें : Pet Care : घटता तापमान और सर्दी से पालतू पशुओं में बढ़ रहा निमोनिया का खतरा, ऐसे रखें अपने पेट्स का ख्याल

संबंधित समाचार