पीलीभीत: एक और अवैध कॉलोनी चला बुलडोजर, तहसील कर्मियों की भूमिका पर भी उठे सवाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार: अवैध कॉलोनियों को लेकर चल रहे अभियान के तहत शनिवार को एक और अवैध कॉलोनी पर गाज गिरी। सिटी मजिस्ट्रेट ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर प्लाटिंग को लेकर कराए जा रहे निर्माण को ध्वस्त करा दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया।

जिला प्रशासन द्वारा शहर में अवैध कॉलोनियों को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार के निर्देश पर अधिकारियों द्वारा शहर और आसपास क्षेत्र में विकसित की जा रही कॉलोनियों की जांच पड़ताल की जा रही है।

सिटी मजिस्ट्रेट के संज्ञान में आया कि खकरा नदी किनारे कुछ लोगों द्वारा कृषि भूमि पर बिना  नक्शा पास कराए ही अवैध तरीके से प्लाटों की बिक्री की जा रही है। इस पर  सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार सिंह शनिवार शाम राजस्व टीम के साथ पुलिस फोर्स लेकर मौके पर जा धमके।

उनके साथ एसडीएम सदर देवेंद्र सिंह भी थे। बताते हैं कि टीम को देखते ही मौके पर मौजूद कॉलोनाइजर भाग निकले। सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश के बाद जेसीबी की मदद से कराए जा रहे निर्माण को ध्वस्त करा दिया गया। कॉलोनाइजरों के कार्यालय को भी जमीदोंज कर दिया गया।

इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट ने एसडीएम को नदी किनारे और आसपास जमीनों की पड़ताल करने के निर्देश दिए।  इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट टीम के साथ उपाधि कॉलेज चौराहा के समीप पहुंचे। यहां कब्जा करने की नियत से एक तालाब का मिट्टी से पटान होता पाया गया। जिस पर उन्होंने मिट्टी पटान से बंद हुए नाले को खोलने के निर्देश दिए साथ ही तालाब पटान करने वालों की जानकारी करने को कहा। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से कालोनाइजरों में हड़कंप मचा रहा।

आसपास की जमीनों की भी होगी पड़ताल
कार्रवाई के दौरान तहसील कर्मियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में रही। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार सिंह ने एसडीएम सदर को खकरा नदी के किनारे और आसपास की जमीनों की भी पड़ताल करने के निर्देश दिए। पड़ताल में देखा जाएगा कि कहीं नदी के रकवे और नजूल की भूमि पर तो अतिक्रमण नहीं किया गया।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: जेल जाते वक्त भी हत्यारोपी गुनगुनाता रहा गाना, नहीं दिखा पछतावा..अवैध संबंध के शक में की थी पत्नी की हत्या 

संबंधित समाचार