Kanpur News: गुड़ खिलाया, पानी पिलाया और सुना दर्द... महिला पुलिसकर्मियों ने सुनी फरियादियों की समस्याएं...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में महिला पुलिसकर्मियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनी।

कानपुर में महिला पुलिसकर्मियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनी। फरियादियों को पहले गुड़ खिलाने और पानी पिलाने की व्यवस्था की गई थी। पुलिस का यह बदला रूप देखकर फरियादी हैरान रह गए।

कानपुर, अमृत विचार। शनिवार को कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के 52 थानों में पहुंचे फरियादियों को पुलिस का रवैया बदला-बदला नजर आया। पुलिस अधिकारी जहां गंभीरता के साथ फरियादियों की समस्याएं सुन रहे थे, वहीं कुछ सिपाही शिकायत लेकर आए फरियादियों को पहले गुड़ खिलाने और पानी पिलाने की व्यवस्था में लगे थे। पुलिस का यह बदला रूप देखकर फरियादी हैरान रह गए। 

शनिवार को जिले के सभी थानों में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार के चार्ज लेने के बाद शहर की पुलिसिंग व्यवस्था में बदलाव देखने को मिल रहा है। समाधान दिवस पर शहर के थानों में फरियादियों के लिए गुड़ और पानी का इंतजाम किया गया था। 

समाधान दिवस पर थानों में सुनवाई कैसे हो रही है और लोगों के प्रति पुलिस का व्यवहार कैसा है? इसका जायजा लेने के लिए खुद पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार सबसे पहले मूलगंज थाने पहुंचे। थाने में फरियाद लेकर आए लोगों से पुलिस कमिश्नर ने समस्या जानी। 

इसके बाद पुलिस कमिश्नर ने आसपास के दुकानदारों से यातायात व्यवस्था और रात के समय अराजकता के बारे में जानकारी ली। इसके बाद पुलिस कमिश्नर ने अनवरगंज थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आईजीआरएस की शिकायतों, आगंतुक रजिस्टर और अपराधों की समीक्षा की। 

थाने में बनाए गए बीपीओ बीट पुलिस अधिकारियों, सिपाहियों से जानकारी ली। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जल्द ही बड़े स्तर पर बदलाव देखने को मिलेगा। समाधान दिवस में शहर भर के थानों में कुल 64 शिकायतें आई, जिनमें से 42 पुलिस विभाग से संबंधित व 22 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित थीं।

यह भी पढ़ें- Kanpur News: IIT में 21 दिनों में दो आत्महत्याओं के बाद जागा संस्थान, 15 दिनों के अंतराल पर छात्र-छात्राओं की होगी निरंतर काउंसिलिंग...

संबंधित समाचार