संतकबीरनगर पुलिस अधीक्षक ने 301 पुलिस कर्मियों का किया तबादला
संतकबीरनगर, अमृत विचार। वर्षों से एक ही थाने पर जमे पुलिस कर्मियों पर पुलिस अधीक्षक की गाज आखिर गिर ही गई। रविवार को पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता ने 301 पुलिस कर्मियों का एकसाथ तबादला कर दिया। एक साथ इतने बडे पैमाने पर पुलिस कर्मियों के तबादले को लेकर चर्चाओं का बाजार काफी गरम है। बताते चलें कि तमाम पुलिस कर्मी विभिन्न जुगाड़ लगाकर लम्बे समय से एक ही थाने पर जमे हुए थे। तमाम प्रकार के गैर कानूनी गतिविधियों में गाहे-बगाहे उनकी संलिप्तता भी उजागर होती रहती है। विभिन्न श्रोतों से मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता ने कड़ा फैसला लेते हुए रविवार को जिले के सभी थानों पर तैनात तीन उप निरीक्षकों और 33 हेड कांस्टेबलों समेत 301 पुलिस कर्मियों का एक साथ तबादला कर दिया है। इन पुलिस कर्मियों को अपने तैनाती स्थल पर पहुंच कर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि कानून ब्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे और भी तबादले किए जाएंगे। पुलिस अधीक्षक के इस निर्णय के बाद थानों पर ज्यादा समय से तैनात शेष बचे पुलिस कर्मियों में हड़कंप मची है। वहीं आम जनता में भी बड़े पैमाने पर हुए तबादले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं ब्याप्त हैं। लोगों का कहना था कि पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता बेहद ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी हैं। दायित्वों में लापरवाही और भ्रष्टाचार किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं कर सकते। शायद इसी वजह से पुलिस कर्मियों का इतने बड़े पैमाने पर एकसाथ तबादला किया गया है।
ये भी पढ़ें -सचिन और धोनी सरीखे एक दिन क्रिकेट के भगवान बनोगे...
