बदायूं: डकैती की योजना बनाते तीन बदमाश और सामान खरीदने वाला कबाड़ी गिरफ्तार
शनिवार रात कस्बा वजीरगंज में डकैती की योजना बना रहे थे छह बदमाश, तीन बदमाश भागे
वजीरगंज/बदायूं, अमृत विचार। थाना वजीरगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ आई है। रात्रि गश्त के दौरान डकैती की योजना बना रहे तीन बदमाशों और उसने डकैती व चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया गया। वहीं बदमाशों के तीन साथी भाग गए। पकड़े गए बदमाशों के पास से तमंचा, जिंदा कारतूस, लोहे का सब्बल, रस्सा, टॉर्च, पेचकस, प्लास मिला। बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का ट्रैक्टर बरामद किया। रिपोर्ट दर्ज करके सभी बदमाशों को जेल भेजा गया है।
वजीरगंज के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह शनिवार रात क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। मुखबिर ने सूचना दी कि कस्बा के खेल मैदान में कुछ लोग कस्बा में डकैती डालने संबंधी बातें कर रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डकैती की योजना बनाते हुए थाना वजीरगंज क्षेत्र के गांव बघौल निवासी पंकज पुत्र ओमपाल, भुवनेश पुत्र कल्लूराम, थाना कुंवरगांव क्षेत्र के गांव सिगोई निवासी बृजपाल पुत्र रामलाल को हिरासत में ले लिया जबकि उनके साथी गांव सिगोई निवासी गौरव पुत्र रामदास, राकेश पुत्र छत्रपाल, जिला बरेली के थाना आंवला क्षेत्र के गांव कच्ची कटरा निवासी गंगाराम पुत्र सेवाराम मौके से भाग निकले।
पकड़े गए बदमाशों के पास से डकैती में प्रयुक्त किए जाने वाले उपकरण भी बरामद हुए। पुलिस की पूछताछ में बदमाशों ने डकैती की योजना बनाने की बात कबूल की। तमंचे अपनी सुरक्षा के लिए साथ रखते हैं। जिससे पकड़े जाने पर उनका प्रयोग कर सकें। उन्होंने बताया कि 30 दिसंबर 2023 को उन्होंने गांव रजलामई में घर के बाहर खड़ा वह ट्रैक्टर चोरी किया था। जिसे मुजरिया चौराहा पर कबाड़ी अब्बास को बेचा था। जिससे मिले रुपये उन्होंने आपस में बांट लिए थे।
जिसके बाद पुलिस ने चोरी के ट्रैक्टर के साथ कबाड़ी थाना मुजरिया क्षेत्र के गांव अयोध्यागंज निवासी अब्बास पुत्र साबिर हुसैन को भी गिरफ्तार किया। सभी बदमाशों को जेल भेजा गया है। ट्रैक्टर को सीज किया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक के साथ उपनिरीक्षक सुनील कुमार, जगवीर सिंह, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह, सतीश, सन्नी देव और संजीव कुमार रहे।
ये भी पढ़ें- बदायूं: काम शुरू न होने पर यूपी निर्माण निगम निदेशक को लिखा पत्र, कही ये बात
