Kanpur News: कैब ड्राइवर से मारपीट कर लूटी थी कार... पांच लुटेरे गिरफ्तार, लूट का माल बरामद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर पुलिस ने कैब ड्राइवर से लूट का खुलासा किया।

कानपुर में सचेंडी पुलिस ने कैब ड्राइवर से लूट की घटना का खुलासा किया। पुलिस ने पांच शातिरों को गिरफ्तार कर लिया।

कानपुर, अमृत विचार। ओला बुक कराकर लूटने वाले गैंग का सचेंडी पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। इस मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना पुलिस ने कौशांबी में तैनात पुलिस कर्मी के गैंग लीडर बेटे समेत पांच शातिरों को गिरफ्तार कर लिया है।

जिनके पास से एक स्विफ्ट डिजायर कार और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। इस दौरान खुलासा करने वाली टीमम को डीसीपी ने 25 हजार का पुरस्कार दिया है। 

डीसीपी पश्चिम विजय ढुल ने खुलासा करते हुए कहा कि नौबस्ता के आवास विकास निवासी विमल बाथम ने पुलिस को बताया था कि वे कैब कंपनी से टाईअप कर स्विफ्ट डिजायर कार चलाते हैं।

13 जनवरी की रात नौबस्ता बाईपास से भौती बाईपास के लिए कैब बुक की गई थी। वे सवारी को लेने नौबस्ता बाईपास पर पहुंचे। नौबस्ता से बारा देवी जाने वाले रास्ते पर अपना बिहारी ढाबा के सामने बुकिंग कराने वाली सवारी व उसके साथ चार लोग कार में बैठ गए और गाड़ी को भौती बाईपास चलने के लिए कहा।

जब गाडी भौंती बाई पास से पहले पहुंची तो पांचो ने उन्हें गाडी को साइड में लगाने के लिए कहा। गाड़ी को सीधी करके साइड में खड़ी करने पर पांचो लोगों ने मिलकर उन्हें मारना पीटना शुरू कर दिया। विरोध करने पर पांचो ने उसके दो एन्ड्रॉयड मोबाइल फोन व 300 रुपये छीन लिए थे।

ड्राइवर को गाड़ी की सीट से खींचकर पीछे बैठा दिया। उन लोगों में से एक व्यक्ति ड्राइवर की सीट पर बैठ गया और गाड़ी रनिया की तरफ लेकर चले। रनिया के पहले ओवर ब्रिज के पास उसे खींचकर उतार दिया और भाग निकले थे।

उन्होंने बताया कि मामला दर्ज करने के बाद उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी और कार की बरामदगी के लिए सर्विलांस टीम समेत और टीमों को सक्रिय किया। जिसके बाद ओला कंपनी से भी सहयोग लिया गया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी कि एक शातिर का मोबाइल लोकेशन फतेहपुर मिली।

पुलिस कार की लोकेशन पर पहुंची तो कुछ सीसीटीवी फुटेज भी मिल गए। सर्विलांस की मदद से पुलिस ने एक-एक कर पांच लुटेरों को धर दबोच लिया।

उन्होंने बताया कि पकड़े गए शातिरों में जिला फतेहपुर के थाना राधानगर जयराम नगर जुनियहा निवासी अनुज गुप्ता और आकाश कुमार दुबे, शिवदत्तपुर निवासी तरुण गौतम उर्फ गोलू, जिला लखनऊ के गुडंबा सेकेंड फ्लोर टेढ़ी पुलिया वारसी रेजीडेंसी निवासी नुमान खान, जिला फर्रुखाबाद के थाना जलालाबाद के ग्राम महारई हाल पता गुजैनी अर्पित शर्मा है।

डीसीपी ने मामला का खुलासा करते हुए बताया कि इस गैंग का लीडर तरुण कुमार गौतम है। जिसके पिता राम कुमार गौतम जिला कौशांबी में सिपाही के पद पर कार्यरत हैं। डीसीपी ने बताया कि जांच में पता चला है कि तरुण दिल्ली में नौकरी करता था।

पकड़ा गया दूसरा लुटेरा आकाश उसका रूम पार्टनर था। दिल्ली में जब फतेहपुर का नुमान मिला तो तीनों साथ रहने लगे। इसी बीच तरुण व आकाश की नौकरी छूट गई। तंगहाली में पूरा गैंग कानपुर आ गया। यहां आकर स्वाती के नाम से मेल आईडी बनाई और ओला लूटने की योजना बनाई। ओला लूटने की योजना सफल हो गई।

टोल प्लाजा के कैमरों से बचने के लिए घाटमपुर होते हुए फतेहपुर पहुंच गए। फजल कबाड़ी से गाड़ी बेचने की बात भी कर ली। जिस आईडी से मेल भेजी गई थी, उसके आईपी एड्रेस की मदद से पुलिस ने सुराग मिल गया। उन्होंने बताया कि जल्द अन्य लोगों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है। 

ये भी पढ़ें- Kanpur News: मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर का शुरू हुआ काम, दो साल में बनकर होगा तैयार, यहां से निकलेगा रूट

संबंधित समाचार