अयोध्या: Video गेम खेल रहे किशोर ने Emergency Call पर कही रामजन्मभूमि में बम की बात, छानबीन में निकली झूठी
अयोध्या, अमृत विचार। शाहजहांपुर जनपद निवासी एक किशोर वीडियो गेम खेल रहा था। इसी दौरान इमरजेंसी नंबर 112 डायल हो गया। गेम में मस्त किशोर ने पहले तो रामजन्मभूमि थाने में बम होने की बात कही और कंट्रोल रूम से माजरा जानने के लिए फोन किया गया तो उसने राममंदिर में भी बम होने की बात कह हलचल मचा दी।
हरकत में आई पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर पड़ताल कराई तो मोबाइल नंबर जिला शाहजहांपुर जिले के पिपरा जप्ती गांव निवासी लीलावती का निकला। इसके बाद डायल 112 कंट्रोल रूम की ओर से शाहजहांपुर और अयोध्या पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
सूचना पर रामजन्मभूमि परिसर की सुरक्षा में तैनात एजेंसियां हरकत में आई और बम खोजी व निरोधी दस्ते, एंटी सेबोटाज चेक टीम, डॉग स्क्वायड तथा कमांडो दस्तों को सक्रिय कर पूरे परिसर की सघन-जाँच पड़ताल कराई गई, लेकिन कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली।
उधर शाहजहांपुर पुलिस छानबीन के लिए मोबाइल धारक के आवास पहुंची तो मोबाइल धारक लीलावती ने बताया कि उनका नाती मोबाइल पर वीडियो गेम खेल रहा था। वीडियो गेम खेलने के दौरान डायल 112 पर इमरजेंसी कॉल लग गई और किशोर ने बम होने की बात कह दी।
रामजन्मभूमि परिसर की सुरक्षा के प्रभारी एसपी सुरक्षा आईपीएस पंकज पांडेय का कहना है कि सूचना के बाद पूरे परिसर में दस्तों से कांबिंग और सघन-जाँच तलाशी कराई गई लेकिन कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। प्रकरण में शाहजहांपुर पुलिस ने मोबाइल धारक महिला के घर जाकर तहकीकात की है और वीडियो गेम खेलने के दौरान दी गई झूठी सूचना के लिए किशोर और उसके परिवार को हिदायत दी है।
