बहराइच: बाघिन के मुंह से निकल रहा था खून लेकिन..., आईबीआरआई केंद्र भेजा विसरा
दो डॉक्टरों के पैनल ने बाघिन के शव का किया पोस्टमार्टम,
बहराइच, अमृत विचार। जिले के चौधरी चरण सिंह घाघरा बैराज में रविवार को एक बाघिन का शव बरामद हुआ था। सोमवार को रेंज कार्यालय में फील्ड डायरेक्टर की मौजूदगी में बाघिन के शव का पोस्टमार्टम हुआ। फील्ड डायरेक्टर ने बाघिन की मौत को स्वाभाविक बताया। साथ ही स्थिति स्पष्ट होने के लिए बिसरा रिपोर्ट आने देने की बात कही।
कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के कतर्नियाघाट रेंज के अंतर्गत सदर बीट के जंगल के निकट चौधरी चरण सिंह गिरिजापुरी बैराज निकली है। बैराज के गेट नंबर 19 के पास रविवार को पानी में एक बाघिन का शव उतराता मिला। सूचना पाकर डीएफओ बी शिवकुमार, एसडीओ और रेंजर पहुंचे।

सोमवार को रेंज कार्यालय परिसर में दुधवा नेशनल पार्क के डॉक्टर दया और कतर्निया घाट के दीपक की टीम ने बाघिन के शव का पोस्टमार्टम किया। दुधवा नेशनल पार्क के फील्ड डायरेक्टर ललित वर्मा ने बताया कि बाघिन के चेहरे से खून निकल रहा था, लेकिन मौत स्वाभाविक है।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को जला दिया गया है। फील्ड डायरेक्टर ने बताया कि बिसरा जांच के लिए आईबीआरआई केंद्र बरेली भेजा गया है। मिश्रा रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की स्थिति साफ हो सकती है।
पेट में मिला घास
टाइगर घास नहीं खाता है लेकिन उसके पेट में घास बरामद हुआ है इस पर फील्ड डायरेक्टर का कहना है कि उसकी तबीयत ठीक नहीं थी हो सकता है कि बाघिन ने घास भी खा लिया हो। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि बाघिन शांति के लिए ही नदी के तट पर पहुंचती है। ऐसे में हो सकता है कि स्वाभाविक मौत के बाद पानी में गिर गई होगी।
मंत्री ही जाने जवाब
बाघिन के मौत और शव पानी में पड़े होने की खबर को पूर्व कैबिनेट मंत्री यासर शाह ने ट्वीट किया है। इस पर उन्होंने कहा कि बाघ अच्छे तैराक होते हैं। बाकी पूर्व मंत्री स्वयं जवाब दे सकते हैं।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: कार में एक बच्चा बंद है किसका है...,एक वर्षीय बच्चे को कार में बंद कर चले गए दंपती, जानें फिर क्या हुआ
