प्रतापगढ़: राम वन गमन और प्रयागराज-अयोध्या मार्ग पर नहीं चलेंगे अनफिट वाहन
एआरटीओ प्रवर्तन ने ट्रांसपोर्ट यूनियन व वाहन स्वामियों के साथ की बैठक
जगेशरगंज/प्रतापगढ़, अमृत विचार। एआरटीओ कार्यालय में एआरटीओ प्रवर्तन की अध्यक्षता में मंगलवार को बैठक की गई।बैठक में भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियों के दृष्टिगत स्वच्छ,सुविधा जनक एवं सुरक्षित परिवहन को सफल बनाने के लिए बैठक में ट्रांसपोर्ट यूनियन,टैक्सी यूनियन व वाहन स्वामियों के साथ चर्चा की गई।
प्रवर्तन डॉ. दिलीप कुमार गुप्ता ने मौजूद लोगों को बताया कि परिवहन आयुक्त चंद्रभूषण सिंह के निर्देश पर बैठक का आयोजन किया गया है। कहा कि भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारी के दृष्टिगत प्रयागराज- अयोध्या एवं राम वन गमन मार्ग पर सभी वाहन वैध प्रपत्र के साथ चलेंगे।
बस ऑपरेटरो को निर्देश दिया गया कि सबसे अच्छी व नई बसों को ही इन दो मार्गों पर चलाएंगे। 18 से लेकर 22 तक यात्री बसों में स्वच्छता व साज सज्जा का विशेष ध्यान रखना होगा। फिल्मी व अभद्र गाने कदापि वाहनों में नहीं बजाए जाएंगे। अपने वाहनों को सड़क पर कतई न खड़ा करें।सभी वाहन स्वामी अपने-अपने चालकों व परिचालकों के साथ बैठक कर उनको सभी निर्देशों के प्रति जागरूक करें।
यात्रियों के प्रति मधुर व्यवहार रखें और अधिक किराया वसूली के लिए कोई भी घटना संज्ञान में आने पर कठोर कार्रवाई भी की जाएगी। इस दौरान ट्रांसपोर्ट यूनियन के अध्यक्ष आशुतोष पांडेय,एनएच के इं. आशीष वर्मा, इं. सौरभ कुमार, हृदय कुमार सिंह ,वकार अहमद,वजीर अहमद,सगीर अहमद,अजीत कुमार,रशीद अहमद,धर्मेंद्र सिंह,रोहित सिंह, राजीव कुमार,सत्यम मिश्र,शाहिद समेत ट्रांसपोर्ट यूनियन,टैक्सी यूनियन व वाहन स्वामी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: फुटवियर की दुकान में लगी भीषण आग, बाजार में मची अफरा-तफरी
