अमरोहा : नकली सीमेंट फैक्ट्री का भंडाफोड़, अल्ट्राटेक ब्रांड की मिली बोरियां...दो गिरफ्तार
अमरोहा/डिडौली, अमृत विचार। कोतवाली पुलिस ने कंपनी की शिकायत पर क्षेत्र में बनाए जा रहे नकली सीमेंट की फैक्ट्री पकड़ी है। पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है। जिसके बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एक नामी सीमेंट कंपनी के जनपद अमरोहा से सीनियर मैनेजर संजय शर्मा व मैनेजर कमल सिंह को पिछले काफी समय से सूचना मिल रही थी कि डिडौली क्षेत्र में एक फैक्ट्री में उनकी कंपनी के मिलते जुलते नाम से नकली सीमेंट बनाया जा रहा है। सीनियर मैनेजर ने इसकी शिकायत पुलिस से की। शिकायत मिलने पर मंगलवार को कोतवाली में तैनात एसएसआई लवनिष चौधरी टीम के मौके पर पहुंचे और कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री से 630 कट्टे सीमेंट से भरे हुए और 113 कट्टे खाली बरामद किए।
पुलिस ने मौके से उमर अली निवासी डिडौली व महबूब निवासी उझारी थाना सैदनगली को गिरफ्तार कर लिया। जबकि शाने आलम मौके से भागने में सफल रहा। कंपनी के अधिकारियों ने मौके से सीमेंट का नमूना लेकर नोएडा की प्रयोगशाला में भेजा है। पुलिस ने कंपनी के मैनेजर की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें:- अमरोहा: शिक्षकों के फर्जी शपथपत्र दाखिल करने पर कोर्ट ने मांगी आख्या
