हरदोई में प्रचंड ठंड से घरों में दुबके लोग, सबसे ज्यादा ठंडा रहा शाहाबाद कस्बा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहाबाद/हरदोई, अमृत विचार। बुधवार का दिन सबसे ठंडा दिन रहा। पारा पांच डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। लोग घरों में दुबके रहे। व्यस्ततम बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। कुल मिलाकर बुधवार सबसे ठंडा दिन साबित हुआ है। नगर के पुरानी सब्जी मंडी, घंटाघर, सब्जी मंडी, बस स्टैंड, बड़ी बाजार, अल्लापुर तिराहा आदि व्यस्ततम बाजार पूरे दिन सन्नाटे में तब्दील रहे। आसमान में भयंकर कोहरा छाया रहा।

शीतल हवाएं रोम रोम कपा रही थी। पूर्वाह्न 11:00 बजे के बाद बाजारों में दुकानदारों ने दुकानों के शटर उठाए उसके बाद पूरे दिन दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते रहे लेकिन ग्राहक आसपास दिखाई नहीं दिए।  शाहाबाद की बाजारों में ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले लोगों की वजह से रौनक रहती है लेकिन भीषण ठंड होने की वजह से ग्रामीण क्षेत्र से आवाजाही काफी कम हो गई है। ठंड की वजह से ई रिक्शा चालक भी कम निकल रहे हैं।  इसलिए शहर की बाजारों में सन्नाटे की स्थिति है। ठंड का आलम यह है आम आदमी से लेकर पशु - पक्षी और जानवर भी ठंड ठिठुर रहे हैं। 

पालिका प्रशासन द्वारा नगर के तिराहों और चौराहों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। मजदूरी पेशा और रिक्शा चालक अलाव के सहारे अपना दिन गुजार रहे हैं। बेसहारा लोगों के लिए नगर पालिका के पूछताछ कार्यालय में एक रैन बसेरा भी स्थापित किया गया है जहां फोल्डिंग चारपाई के साथ रजाई, गद्दे की व्यवस्था की गई है और रैन बसेरे के ठीक सामने पूरी रात अलाव की व्यवस्था बनी रहती है।

कुल मिलाकर भयंकर शीत लहरी के चलते जनजीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया है। ठंड के कारण लोग घरों में दुबके हैं और आग का सहारा ले रहे हैं। सरकारी कार्यालयों में भी कुर्सियां खाली दिखाई दीं। भीषण शीतलहर से हर वर्ग के लोग परेशान हैं।

यह भी पढ़ें:-हरदोई: 50 लाख के बाद भी दहेज लोभियों ने बहू पर किया बांके से हमला, घर से निकाला, 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

संबंधित समाचार