Irfan Solanki: आगजनी कांड में बचाव पक्ष ने पेश की दलील; गवाहों पर लगाया बयान बदलने का आरोप...
कानपुर के आगजनी कांड में बचाव पक्ष ने गवाहों पर बयान बदलने का आरोप लगाया है।
कानपुर के आगजनी कांड में बचाव पक्ष ने गवाहों पर बयान बदलने का आरोप लगाया है। सपा विधायक इरफान सोलंकी व उनके भाई रिवजान के अधिवक्ता ने बहस के दौरान वादिनी पर एक के बाद एक कई सवाल दागे।
कानपुर, अमृत विचार। आगजनी कांड में सपा विधायक इरफान सोलंकी व उनके भाई रिवजान के अधिवक्ता ने बहस के दौरान वादिनी पर एक के बाद एक कई सवाल दागे। बचाव पक्ष ने कोर्ट को बताया कि मामले के गवाहों ने अपने बयानों को बार-बार बदला है, जो कि महत्वपूर्ण बिंदु है। वादिनी ने तहरीर में जो कुछ बताया आगे के बयानों में कुछ और ही कहा है।
नजीर फातिमा की झोपड़ी फूंकने के मामले में शुक्रवार का बहस आगे बढ़ाई गई। बचाव पक्ष की ओर से मामले की वादिनी नजीर फातिमा पर कई सवाल दागे गए। सपा विधायक इरफान सोलंकी व उनके भाई रिजवान सोलंकी के अधिवक्ता सईद नकवी व शिवाकांत दीक्षित ने मामले से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण बिंदु कोर्ट के प्रकाश में लाए।
अधिवक्ता सईद नकवी ने कहा कि नजीर फातिमा ने जो बातें तहरीर में लिखी वह पुलिस के बयान में बदली गई और कोर्ट में कुछ और बताया गया। बताया कि नजीर फातिमा ने अपनी तहरीर में किसी गवाह का जिक्र नहीं किया गया है और घटनास्थल पर अपने लड़कों के पहुंचने का उल्लेख भी नहीं किया गया था। जबकि कोर्ट में दिए बयानों में उन्होंने अपने लड़कों का घटनास्थल पर पहुंचना बताया है। एडीजीसी भास्कर मिश्रा ने बताया कि मामले की अगली तिथि 23 जनवरी निर्धारित की गई है।
नूरी शौकत व दो अन्य का रिवीजन कोर्ट ने किया खारिज
सपा विधायक इरफान सोलंकी के फर्जी आधार कार्ड से हवाई यात्रा के मामले में सह आरोपी नूरी शौकत व दो अन्य आरोपियों की रिवीजन याचिका कोर्ट ने खारिज कर दी। सपा विधायक के फर्जी आधार कार्ड बनाने में नूरी शौकत पर मदद करने का आरोप है। नूरी शौकत व दो अन्य आरोपियों का रिवीजन एमपीएमएलए कोर्ट में विचाराधीन था। शुक्रवार को कोर्ट ने रिवीजन खारिज कर दिया।
एडीजीसी भास्कर मिश्रा ने बताया कि लोअर कोर्ट ने जो निर्णय के विरोध में एमपीएमएलए सेशन कोर्ट में नूरी शौकत व दो अन्य आरोपियों ने रिवीजन याचिका दाखिल की थी। बताया कि कोर्ट ने आदेश दिए कि लोअर कोर्ट ने जो निर्णय किया है वह सही है उसमें किसी तरह की अविधिकता नहीं है।
