गोंडा: प्राण प्रतिष्ठा के पहले जालसाजों की चांदी, दर्शन और प्रसाद के नाम पर कर रहे उगाही
फर्जी क्यू आर कोड भेजकर लोगों को निशाना बना रहे जालसाज, पुलिस ने एडवायजरी जारी कर लोगों को किया सतर्क
गोंडा, अमृत विचार। एक तरफ जहां अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है और पूरा देश श्रीराम आगमन को लेकर आस्था से सराबोर हैं वहीं साइबर जालसाजों ने इस आस्था को अवसर बना लिया है। जालसाजों की तरफ से लोगों को प्राण प्रतिष्ठा का दर्शन कराने और प्रसाद भेजने का झांसा दिया जा रहा है और उनसे उगाही की जा रही है
लोगों को फर्जी क्यू आर कोड भेजकर पैसे ऐंठे जा रहे हैं। इस साइबर क्राइम को लेकर गोंडा पुलिस सतर्क हो गयी है और एडवायजरी जारी कर लोगों को साइबर जालसाजों से सावधान रहने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि जानकारी में आया है कि साइबर जालसाजों ने राम मंदिर अयोध्या के नाम पर फ्क वेबसाइट बना ली है और इस साइट से लोगों को राम मंदिर के दर्शन कराने के लिए वीआईपी पास एवं इंट्री पास दिलाने का झांसा दे रहे हैं।

आमजन को मुफ्त प्रसाद वितरित करने के नाम पर उनसे पैसे लिए जा रहे हैं। फर्जी क्यूआर कोड भेजकर राम मंदिर के नाम पर चंदा मांगा जा रहा है। आस्था के नाम पर लोग इन जालसाजों का शिकार बन रहे हैं और अपनी गाढ़ी कमाई लुटा रहे हैं। एसपी ने कहा कि इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं।
इन पर अंकुश लगाने के लिए साइबर टीम को सक्रिय किया गया है लेकिन इस तरह के जालसाजों से आम लोगों को भी सतर्क रहने की जरूरत है। एसपी ने लोगों से अपील की है कि वह किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर अथवा अनजान व्यक्ति के द्वारा प्रेषित व्हाट्सएप मैसेज पर बिना सत्यापन के रिप्लाई नहीं करे और न ही बिना सत्यापन के किसी को चंदा दें।
यह भी पढ़ें:-रामलला प्राण प्रतिष्ठा: अयोध्या पहुंचीं कंगना रनौत, कहा- हमारा सौभाग्य है कि हमें ईश्वर ने सद्बुद्धि दी
