अयोध्या की तर्ज पर अरैल में तैयार हो रहा भव्य श्रीराम मंदिर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्राण प्रतिष्ठा के दिन यहां भी होगा विशेष पूजन

नैनी/ प्रयागराज, अमृत विचार। अयोध्या में राम लला का प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम चल रहा है। उसके साथ ही अरैल के त्रिवेणी पुष्प परिसर मे बना प्रतिरूप राम मंदिर भी तैयार हो रहा है। अयोध्या के श्रीराम मंदिर का रूप देने में कारीगर तेजी के साथ काम कर रहे हैं। 

अरैल बांध रोड पर स्व. केशरीनाथ त्रिपाठी ने त्रिवेणी पुष्प बनवाया था। इसको स्वामी शुकदेवानंद ट्रस्ट, परमार्थ निकेतन को सौंदर्यीकरण रखरखाव तथा संचालन हेतु प्रदान किया गया है। ट्रस्ट की ओर से इस मंदिर का कायाकल्प किया जा रहा है। ट्रस्ट के प्रोजेक्ट मैनेजर अरुण सारस्वत ने बताया कि इस मंदिर परिसर को भव्य और सुंदर बनाया जा रहा है। मंदिर में अयोध्या में लगे पत्थरों को लगाया जा रहा है। इसके लिए बंशी पहाड़, राजस्थान से पत्थर मंगाया जा रहा है। साथ ही रंगरोगन का भी कार्य चल रहा है। 

प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि 22 जनवरी को प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अरविंद चौहान के कर कमलों से विद्वान पंडितों द्वारा परमार्थ त्रिवेणी पुष्प प्रांगण में स्थित राम मंदिर का  सांकेतिक पूजन होगा। इसके साथ ही श्री राम लला मंदिर अयोध्या से प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का लाइव प्रसारण प्रातः नौ बजे से होगा। इसके अलावा गायक संजय मिश्रा द्वारा राम भजन के बाद प्रसाद भंडारा होगा। इसके अगले दिन 23 जनवरी को स्वामी चिदानंद महाराज आयेंगे। इसी दिन शाम को दीप मालिका दीपोत्सवन भव्य आयोजन होगा। बसंत पंचमी को वसंत रामोत्सव होगा जो प्रत्येक वर्ष भव्यता के साथ किया जाएगा।

ये भी पढ़ें -प्रयागराज: खुदाई के दौरान पुराने जमाने के पत्थर और मूर्तियां मिलने से मचा हड़कंप, देखने के लिए जुटी भीड़

संबंधित समाचार