लखनऊ : प्रमोशन की आस में कर्मचारियों के बीते कई साल, बढ़ रहा आक्रोश, इस दिन करेंगे प्रदर्शन
लखनऊ, अमृत विचार। किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के करीब 3 हजार कर्मचारियों को कई सालों से प्रमोशन नहीं मिल पा रहा है। जिससे उन्हें आर्थिक हानि का सामना करना पड़ा रहा है। आरोप है कि कई बार वार्ता के बाद भी अधिकारी उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। अब आन्दोलन ही एक मात्र रास्ता बचा है।
केजीएमयू कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष विकास सिंह ने बताया है कि 29 जनवरी को कुलपति और रजिस्ट्रार कार्यालय पर प्रदर्शन कर कर्मचारी अपनी मांग रखेंगे। इस दौरान जरूरत पड़ी तो कार्यालयों पर ताला भी लगा दिया जायेगा।
उन्होंने बताया कि बीते दस सालों से कर्मचारियों के प्रमोशन नहीं हुये हैं। करीब दो सालों से कार्मिकों के एसीपी को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। कर्मचारियों के इन समस्याओं को लेकर कई बार अधिकारियों से बात हुई, पत्रचार हुये लेकिन किसी ने कोई ध्यान नहीं दिया। कई कर्मचारी सेवानिवृत्त भी हो गये। ऐसे में कर्मचारियों के सब्र का बांध टूट रहा है। उपेक्षा कर्मचारियों को आहत कर रही है। उनके अंदर आक्रोश बढ़ रहा है। जिस दिन यह आक्रोश फूटेगा। उस दिन ही अधिकारियों को अपनी कार्यशैली का एहसास होगा। कहा तो यहां तक जा रहा है कि कुलसचिव कार्यालय के अधिष्ठान अनुभाग से बार-बार गोलमाल जवाब मिलता है।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : 500 वर्षों के इतिहास की निष्पक्ष खोज "द बैटल ऑफ अयोध्या" डॉक्यूमेंट्री सीरीज हुई लॉन्च
