UP: छात्र के कनपटी पर तमंचा लगाकर किया अगवा… मैगी प्वाइंट पर ले जाकर की पिटाई, स्कूल जाना किया बंद, पुलिस ने भी टरकाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में छात्र की कनपटी पर तमंचा लगाकर बाइक सवार युवकों ने अगवा किया।

कानपुर में छात्र की कनपटी पर तमंचा लगाकर बाइक सवार युवकों ने अगवा किया। युवकों ने मैगी प्वाइंट पर ले जाकर छात्र की पिटाई की। उच्चाधिकारियों से शिकायत करने पर करीब 25 दिन बाद हनुमंत विहार पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की।

कानपुर, अमृत विचार। बंशी विहार बक्खतौरी पुरवा निवासी भारतीय किसान यूनियन नेता के कक्षा नौ में पढ़ने वाले बेटे की कनपटी में तमंचा लगाकर युवकों ने अपहरण कर लिया। बाइक सवार अपहरणकर्ता छात्र को बाइक पर जबरन बिठा कर केशव नगर स्थित मैगी प्वाइंट ले गए, जहां छात्र की पिटाई की।

क्षेत्रीय लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित पिता ने आरोपे लगाया कि पुलिस को घटना की जानकारी दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। उच्चाधिकारियों से शिकायत करने पर करीब 25 दिन बाद हनुमंत विहार पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। 

मूलरूप से कानपुर देहात, रसूलाबाद निवासी भारतीय किसान यूनियन कानपुर देहात के जिलाध्यक्ष विनय तिवारी ने बताया कि उनका 14 वर्षीय बेटा अक्षय तिवारी अर्रा रोड स्थित कामदगिरी इंटर कॉलेज में नौवीं का छात्र है। बताया कि बीते 25 दिसंबर दोपहर एक बजे अक्षय घर के सामने खड़ा था। तभी क्षेत्र का रहने वाला संजय अपने दो नाबालिग साथियों के साथ आया और कनपटी पर तमंचा लगाकर अक्षय को जबरन बाइक पर बैठा कर केशव नगर स्थित वीरा मैगी प्वाइंट ले गए।

जहां आरोपियों ने अक्षय की पिटाई की। आस पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी मौके से फरार हो गए। विनय ने बताया कि मामले की जानकारी अर्रा चौकी प्रभारी को दी। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। आरोप लगाया कि काफी समय बीतने के बाद भी हनुमंत विहार पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।

बताया कि बेटा अक्षय आरोपियों के डर के कारण पिछले कई दिनों से स्कूल नहीं जा रहा है। उच्चाधिकारियों के आदेश के बाद हनुमंत विहार पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। हनुमंत विहार थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि मामला मामूली लड़ाई झगड़े का है, उच्चाधिकारियों के आदेश के बाद दो नाबालिगों सहित तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें- Kanpur News: कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के 10 लोकसभा क्षेत्रों के प्रभारी व संयोजक बनाए गए, यहां चेक करें- पूरी लिस्ट

संबंधित समाचार