प्रतापगढ़: गांव-शहर, डगर-डगर , हर तरफ सिर्फ राम लहर...!
जिले में जगह-जगह निकाली गई शोभायात्रा, सजाई गई झांकी
प्रतापगढ़। अयोध्या में राम लला के प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव हर ओर मनाया जा रहा है। शहर से लेकर गांव तक राममय हो गया है। राम लहर में लोग अभिवादन भी प्रभु के नाम से ही कर रहे हैं। अब नमस्ते, प्रणाम, हेलो-हाय, गुड मार्निंग और गुड नाइट की जगह लोग खुशी पूर्वक जय श्रीराम कहने लगे हैं। हर जगह लोग रामलला की छवि और अनुभूति को प्रतिबिंबित करने का कोई अवसर गंवाना नहीं चाह रहे। लोगों के परिधान केसरिया और पीले अधिक दिख रहे हैं।
यानी जैसे भी बने, बस राम ही राम कहें ऐसा प्रयास है। वह बेहिचक रामनाम से लोगों का हालचाल ले रहे हैं। आम लोग ही नहीं, जनप्रतिनिधि व अफसर भी रामनामी हो गए हैं। वह इसे बोलते हैं व सामने वाले से भी वैसी उत्साहजनक प्रतिक्रिया पाकर प्रसन्न हो जाते हैं। मोबाइल पर जो लोग गुड मार्निंग और गुड नाइट के मैसेज भेजा करते थे, वह अधिकांश लोग श्रीराम मंदिर की तस्वीर लगाकर जय श्रीराम व राम आएंगे, मेरे राम अयोध्या आ रहे... जैसे स्लोगन लिखकर एक दूसरे का कुशल से पूछ रहे हैं।
परिवार के सदस्य आपस में जय सियाराम कहकर आह्लादित हो रहे हैं। रिश्तेदारों के संवाद की शुरुआत में प्रभु का नाम है और अंतिम बात भी उनके ही नाम से खत्म हो रही है। लोगों के संस्कारों में राम नाम का यह रंग सुखद है। लोगों के संदेश में राम समाए हैं। आमंत्रण पत्रों में राम की छवि है। पोस्टर, बैनर, पर्चा, पंफलेट सबमें राम ही राम हैं।
शोभायात्रा में कलाकारों की प्रस्तुतियों ने मनमोहा
सरोजिनी इंटर कालेज कुसमी से भुपियामऊ चौराहे तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। राम, लक्ष्मण,सीता,हनुमान आदि के रूप में सजे कलाकारों की प्रस्तुति लोगों को अपनी ओर आकर्षिक कर रही थी। संयोजक राजेश भट्ट ने बताया कि राष्ट्र निर्माण से ही व्यक्ति और चरित्र का निर्माण संभव है। भगवान श्री राम की आगमन को लेकर पूरा देश उत्साहित है।
पूर्व विधायक धीरज ओझा,भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव,नंदकुमार शर्मा,एबीवीपी कानपुर प्रांत के प्रांत संगठन मंत्री अंशुल विद्यार्थी, स्कंद तिवारी,मनोज यादव,रमेश सिंह पटेल,राम मिश्र,अनिकेत तिवारी,अमनमणि त्रिपाठी,विपिन यादव,राजेश शर्मा, राजीव रतन, संजय समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

शहर के पल्टन बाजार शिव मंदिर से राम लक्ष्मण,सीता की झांकी के साथ भक्तों ने भव्य शोभा यात्रा निकाली। भाजपा नेता आलोक अग्रहरि,एबीवीपी के प्रांत सह मंत्री सुधांशु रंजन मिश्र,नगर महामंत्री भाजयुमो राहुल मौर्य, अनुराधा केसरवानी,सुधीर केसरवानी,अंशु केसरवानी, नितिन केसरवानी, देवव्रत त्रिपाठी, पंकज मिश्र, ज्ञानेश मिश्र, राज केसरवानी,पूनम साहू,क्षमा खंडेलवाल, प्रमिला शुक्ला आदि शामिल रहे।
11 हजार दीपों से प्रकाशमय होगा हनुमान मंदिर
प्रतापगढ़ अमृत विचार : अयोध्या में राम लला के प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में श्री हनुमान मंदिर चिलबिला में रविवार को सीताराम संगकीर्तन का पाठ का शुभारंभ किया गया। मंदिर समिति के महासचिव रोशनलाल उमरवैश्य ने विधि विधान से पूजन कर सीताराम संकीर्तन का अखंड पाठ का शुभारंभ कराया। मंदिर परिसर को फूल मालाओं एवं विद्युत झालरों से सजाया गया है। सोमवार को अयोध्या में हो रहे प्राण प्रतिष्ठा उत्सव का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा।
इसके लिए एलइडी स्क्रीन लगवाई गई है। शाम को 11 हजार दीपों से मंदिर प्रकाशमय किया जायेगा। काशी से आये विद्वान ब्राह्मण शाम को महाआरती करेंगे। कार्यक्रम प्रभारी सुरेश अग्रवाल ने सभी भक्तों से दीपोत्सव में पांच-पांच दीपक लेकर आने का आवाह्न किया।

यह भी पढे़ं: रामोत्सव: सीएम योगी ने किया रेत शिल्प का किया अवलोकन, भगवान श्रीराम की आकृति संग ली सेल्फी
