बरेली: CTET परीक्षा... इतिहास और गणित के प्रश्नों ने अभ्यर्थियों को उलझाया
जिले में 41 केंद्रों पर हुई केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा, परीक्षा में पंजीकृत 29,011 में से 25,107 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
बरेली, अमृत विचार। जिले में रविवार को 41 परीक्षा केंद्रों पर केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट) हुई। पहले चरण में कक्षा 6 से 8 के लिए द्वितीय प्रश्नपत्र और दूसरे चरण में कक्षा 1 से 5 के लिए प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा हुई। अभ्यर्थियों ने कहा कि द्वितीय प्रश्नपत्र में इतिहास और गणित के प्रश्नों और प्रथम प्रश्नपत्र में भूगोल, भौतिक विज्ञान के प्रश्नों ने परेशान किया। परीक्षा में 29011 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें 25107 उपस्थित और 3904 ने परीक्षा छोड़ दी।
सीबीएसई समन्वयक डाॅ. वीके मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष परीक्षा में सभी परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति से पहचान की गई। हालांकि कुछ केंद्रों पर पहचान में समस्या आने पर दोबारा जांच करने पर परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए 85 पर्यवेक्षकों ने समय-समय पर परीक्षा केंद्र पर निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि परीक्षा में 29,011 जिसमें पहले चरण में 19,318 और दूसरे चरण में 9,693 अभ्यर्थी पंजीकृत रहे। इनमें 25,107 अभ्यर्थी दोनों चरणों में उपस्थित रहे, जिनमें पहले चरण में 16,823 और दूसरे चरण में 8,284 परीक्षार्थी उपस्थित रहे।
केंद्र पर देर से पहुंचने पर किया हंगामा
सीबीगंज के परसाखेड़ा स्थित मुकुंद इंटरनेशनल स्कूल में केंद्र के कमरा नंबर 20 में शिक्षक ने पेपर सीरीज को सामान्य रूप से ही वितरित कर दिया। केंद्र में देर से पहुंचे अभ्यर्थी सीरीज गलत मिलने पर वह कमरे में शिक्षक पर बिफर गया। जिस पर पुलिस के साथ स्कूल प्रबंधन ने मामले को मानवीय चूक बताते हुए संभाला। हालांकि परीक्षा खत्म होने के बाद भी अतिरिक्त समय देने को लेकर भी उसने प्रबंधन से बहस की।
ये भी पढ़ें- बरेली: गर्भवतियों ने प्राण प्रतिष्ठा के दिन प्रसव कराने का किया अनुरोध, डॉक्टरों ने कही ये बात
