बरेली: गर्भवतियों ने प्राण प्रतिष्ठा के दिन प्रसव कराने का किया अनुरोध, डॉक्टरों ने कही ये बात
बरेली, अमृत विचार। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन गर्भवतियों ने अपने बच्चों को जन्म देने के लिए प्रसव कराने का अनुरोध डॉक्टरों से किया है। जिला महिला अस्पताल में 20 से अधिक गर्भवतियों का सोमवार को प्रसव होना है। घर में नन्हें मेहमान के आने से मां के साथ ही उनके परिजन उत्साहित हैं।
जिला महिला अस्पताल के सीएमएस डाॅ. त्रिभुवन सिंह ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन प्रसव को लेकर अधिकांश गर्भवतियों के परिजनों ने अनुरोध किया है। सोमवार को 20 प्रसव होने हैं, हालांकि कई गर्भवतियों के स्वास्थ्य कारणों को देखते हुए ये संभव नहीं हो सकेगा। इसके अलावा निजी अस्पतालों में भी महिला चिकित्सकों से परिजन प्रसव कराने का अनुरोध कर रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि अभी तक मिले रिकॉर्ड के अनुसार 22 जनवरी को जिले में करीब 200 से अधिक बच्चे जन्म ले सकते हैं। इनमें से अधिकांश सिजेरियन डिलीवरी हैं। निजी अस्पतालों में होने वाली डिलीवरी में नवजात बच्चों को भगवा और पीले रंग के कपड़े पहनने का प्लान बनाया जा रहा है। इसके लिए कई परिजनों से कहा गया है।
ये भी पढ़ें- बरेली: दीप प्रज्ज्वलित कर राम भजन का हुआ शुभारंभ, भजनों से वातावरण हुआ राममय
