Ram Mandir: हजारों दियों से चमकेगा बृजेंद्र स्वरूप पार्क; भाजपाई मंदिरों में रहेंगे मुस्तैद, एलईडी में दिखेंगे रामोत्सव
कानपुर के बृजेंद्र स्वरूप पार्क में 5100 दिये जलाए जाएंगे।
कानपुर में 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर महापौर प्रमिला पांडे की तरफ से बृजेंद्र स्वरूप पार्क में 5100 दिए, बाती और तेल का वितरण किया गया।
कानपुर, अमृत विचार। 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर रविवार को महापौर प्रमिला पांडे की तरफ से बृजेंद्र स्वरूप पार्क में 5100 दिए, बाती और तेल का वितरण किया गया। महापौर ने बताया की प्राण प्रतिष्ठा समारोह को भव्य बनाने के लिए कई बड़े इंतजाम किए गए हैं।
इसी कड़ी में शहर में अब तक सवा लाख दिए, बाती और तेल का वितरण किया जा चुका है। इस महापर्व को लेकर जहां शहर में उत्साह का माहौल है। वहीं, घर-घर में राम पताका फहराने के लिए हजारों की संख्या में रामध्वज पार्षदों के माध्यम से शहर के कोने-कोने में पहुंचा दिए गए।
इस मौके पर महापौर ने सभी शहर वासियों से अपील की कि सोमवार को होने वाले राम उत्सव कार्यक्रम में सभी लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। अपने घरों एवं मंदिरों में भगवान राम के नाम का एक दीपक जरूर जलाएं।
सोमवार को शहर के मंदिरों में भाजपाई मंदिरों में मुस्तैद रहेंगे। यहां भंडारे के साथ ही प्रभु श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा का सजीव प्रसारण देखने के लिए एलइडी टीवी की भी व्यवस्था होगी। भारतीय जनता पार्टी शहर पर अलग-अलग मठ मंदिरों में जगह-जगह हो रहे भंडारों में नजर आएगी। जिसमें सभी सांसद, विधायक, पार्षद, जिला पंचायत सदस्य, बोर्ड के सदस्य, आयोग के अध्यक्ष रहेंगे।
क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, सांसद सत्यदेव पचौरी और जिला अध्यक्ष दीपू पांडे, सांसद देवेंद्र सिंह बोले सुबह से ही आनंदेश्वर मंदिर परमट धाम में रहेंगे। महापौर प्रमिला पांडे वाल्मीकि मंदिर मोतीझील उपवन में रहेंगी।
इसके साथ ही प्रदेश के उपाध्यक्ष एमएलसी सलिल विश्नोई पंचमुखी हनुमान मंदिर में, प्रदेश की उपाध्यक्ष कमलापति सिंह दक्षिणेश्वर हनुमान मंदिर जीटी रोड, विधायक नीलिमा कटियार पंचमुखी हनुमान मंदिर पनकी, विधायक सुरेंद्र मैथानी श्रीराम दरबार काली मंदिर नीर क्षीर चौराहा, पूर्व सांसद जगतवीर सिंह श्री तांबेश्वर मंदिर स्वरूप नगर, पूर्व मंत्री प्रेमलता कटियार हनुमान मंदिर खलासी लाइन, पूर्व विधायक राकेश सोनकर जागेश्वर मंदिर नवाबगंज, पूर्व विधायक नीरज चतुर्वेदी हनुमान मंदिर कंपनी बाग, पूर्व महापौर रवींद्र पाटनी पनकी धाम मंदिर में रहेंगे।
