करमन शहर में खून की होली! ईरानी सैनिक ने साथी सैनिकों पर चलाईं गोलियां, पांच की मौत 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

तेहरान। ईरान के एक सैनिक ने दक्षिणपूर्वी करमन शहर में रविवार को अपने साथी सैनिकों पर गोलियां चलाईं, जिनमें से पांच की मौत हो गई। ईरान के सरकारी टेलीविजन ने यह खबर दी है। करमन शहर में ही इस महीने की शुरुआत में बम हमले में 94 लोग मारे गए थे। सरकारी टीवी ने बताया कि गोलीबारी तब हुई जब आरोपी सैनिक एक बैरक के शयनगृह में पहुंचा और वहां आराम कर रहे सैनिकों पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। 

इस घटना के उद्देश्य का अब पता नहीं चला है और संदिग्ध फरार है। खबर में कहा गया है कि हमला राजधानी तेहरान से करीब 830 किलोमीटर दूर करमन में हुआ। करमन में इस महीने दो घातक विस्फोटों में 94 लोगों की मौत हो गयी थी और सैकड़ों अन्य घायल हो गए थे। यह विस्फोट अमेरिका की ओर से वर्ष 2020 में किये गये ड्रोन हमले में मारे गए एक प्रमुख ईरानी जनरल की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुए थे।

इस्लामिक स्टेट ने इसकी जिम्मेदारी ली थी। ईरान में सैन्य अड्डों पर गोलीबारी की ऐसी घटनाएं सामने आती रहती हैं। 2022 में एक सैनिक ने एक अन्य सैनिक और तीन पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी। ईरान में 19 वर्ष और उससे अधिक आयु के पुरुषों के लिए 24 महीने की सैन्य सेवा अनिवार्य है। 

ये भी पढे़ं : रूस में गैस निर्यात टर्मिनल पर विस्फोट, कोई हताहत नहीं...कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

संबंधित समाचार