पैदल हाथरस जा रहे राहुल-प्रियंका हिरासत में लिए गए
नई दिल्ली। हाथरस दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों से मिलने पैदल जा रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को पुलिस ने एक्सप्रेस वे पर हिरासत में ले लिया है। इससे पहले उनका काफिला ग्रेटर नोएडा में रोक लिया गया था। जिसके बाद राहुल-प्रियंका और कांग्रेस कार्यकर्ता पैदल ही हाथरस के लिए निकल पड़े। पैदल …
नई दिल्ली। हाथरस दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों से मिलने पैदल जा रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को पुलिस ने एक्सप्रेस वे पर हिरासत में ले लिया है। इससे पहले उनका काफिला ग्रेटर नोएडा में रोक लिया गया था। जिसके बाद राहुल-प्रियंका और कांग्रेस कार्यकर्ता पैदल ही हाथरस के लिए निकल पड़े। पैदल जाते वक्त राहुल गांधी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ पुलिस की धक्का मुक्की हुई। इस दौरान राहुल गांधी जमीन पर गिर पड़े, जिससे उनके हाथ में चोट लगी।
राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा और दूसरे नेताओं के साथ गुरुवार सुबह हाथरस के लिए रवाना हुए थे। लेकिन यमुना एक्सप्रेस-वे पर पहुंचते ही इनके वाहनों को पुसिल ने रोक दिया।
घटनास्थल से मिले वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को धक्का दिया जिससे राहुल गांधी जमीन पर गिर गए। बाद में राहुल गांधी ने मीडिया से कहा, अभी-अभी पुलिस ने मुझे धक्का दिया, मुझ पर लाठीचार्ज किया और मुझे जमीन पर फेंक दिया। मैं पूछना चाहता हूं, क्या इस देश में केवल (नरेंद्र) मोदीजी ही चल सकते हैं? क्या कोई सामान्य व्यक्ति नहीं चल सकता? हमारा वाहन रोक दिया, तो हमने चलना शुरू कर दिया।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने राहुल गांधी को कहा कि वह एक ऐसे क्षेत्र में मार्च कर रहे थे जहां धारा 144 लगाई गई है। राहुल गांधी ने कहा कि भले ही धारा 144 लगा दी गई हो, वह दुष्कर्म पीड़िता के परिवार से मिलने के लिए अकेले हाथरस की ओर जाएंगे। उसके बाद पुलिस और कांग्रेस नेताओं में तीखी बहस होने लगी।
प्रियंका गांधी ने कहा है, “महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी योगी सरकार को लेनी होगी, जिस तरह से प्रदेश में महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहें, ये बंद होने चाहिए। उन्होंने कहा पिछले साल भी तकरीबन इसी समय हम उन्नाव की बेटी की लड़ाई लड़ रहे थे। प्रदेश में हर रोज 11 रेप हो रहे हैं।”
वहीं, कांग्रेस के यूपी प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा, हम हाथरस की बेटी को न्याय दिलाने जा रहें हैं और न्याय दिलाने के लिए किसी की परमिशन नहीं चाहिए होती है।
इससे पहले गुरुवार सुबह से दिल्ली के डीएनडी पर इस बात की अफवाह थी कि उन्हें डीएनडी बॉर्डर पार नहीं करने दिया जाएगा। लेकिन, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के अन्य नेता डीएनडी बॉर्डर को पार कर हाथरस के लिए रवाना हो गए थे।
‘दलित बेटी को न्याय दो’ के नारे से गूंज उठा डीएनडी
दिल्ली-नोएडा-डायरेक्ट फ्लाईवे (डीएनडी) पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को हाथरस मामले पर ‘दलित बेटी को न्याय दो’ के नारे लगा कर जम कर प्रदर्शन किया। दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा पीड़िता के परिवार से मिलने के लिए हाथरस के लिए रवाना हो रहें हैं। इसकी वजह से कांग्रेस कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए डीएनडी पर भारी संख्या में जमा हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है, इस सरकार में अपराध हद से ज्यादा बढ़ गया है, और अब मुख्यमंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए। हम दलित बेटी को न्याय दिलाने के लिए अपनी जान तक दे देंगे।
