बाराबंकी : तीन गांवों में चोरों ने की साढे़ चार लाख की चोरी, फायरिंग कर भागे
बाराबंकी, अमृत विचार। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में चोरो ने एक ही पंचायत के तीन गांवों में रविवार की रात जमकर उत्पात मचाया। दो घरों से साढे़ चार लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण व नगदी बटोर ले गए। वहीं दो घरों में चोरी करने के दौरान असफल बदमाशों ने फायरिंग कर बचाव करते हुए भागने में सफल रहे। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
रविवार की रात जहांगीराबाद थाने की टेरा ग्राम पंचायत के गदईपुरगांव निवासी सुरेंद्र के घर में पीछे के रास्ते से दाखिल हुए चोर अलमारी व बक्से का ताला तोडकर उसमें रखे करीब ढाई लाख रुपये कीमत के सोने- चांदी के आभूषण और 15 हजार रुपये की नगदी तथा पडोस में रहने वाले अजय के घर से डेढ़ लाख रुपये कीमत के गहने व 38 हजार रुपये ताला तोडकर चोरी कर ले गए। वहीं मंशापुरवा निवासी राजकुमार के घर में ताला तोड़ने के दौरान घर वालों के जगाने और शोर मचाने पर चोर फरार हो गए। इसके बाद चोरों ने हाजीहार गांव में लवकुश के घर में धावा बोला। खटपट की आवाज सुनकर लवकुश ने शोर मचाया। उसके बाद ग्रामीणों के संग चोरों को पीछा किया गया तो वह फायरिंग कर फरार हो गए।
प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार विद्यार्थी ने बताया कि चोरी की घटनाओं की सूचना मिली है। अभी तहरीर नहीं मिली है। फिर भी मौके पर जांच की जा रही है। फायरिंग की बात अभी सामने नहीं आई है।
ये भी पढ़ें -रुद्रपुर: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत
