प्रयागराज: लाठी-डंडे से पीटकर वृद्ध की हत्या, जानवर हांकने को लेकर पुत्र से हुआ था विवाद
नैनी/प्रयागराज, अमृत विचार। कोतवाली नैनी अंतर्गत सोढियाभीट मोहल्ले में सोमवार शाम जानवर हांकने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इसके बाद एक व्यक्ति की पिटाई किया जाने लगा। उसको बचाने के लिए वृद्ध वहां पहुंचा तो उस पर भी लाठी डंडे से प्रहार कर दिया गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन फानन में परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां उसे चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव घर लाया गया तो चीखपुकार मच गई।
सोढ़िया भीट में सोमवार शाम लगभग छह बजे जानवर हांकने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। बतकही के दौरान एक व्यक्ति के साथ हाथापाई करने लगे। इसपर उसका पिता बसंत लाल यादव (65) बीचबचाव करने लगा। आरोप है कि इसी बीच लगभग आधा दर्जन लोगों ने लाठी डंडे से वृद्ध की पिटाई करने लगे। इससे वह गिर पड़े तो हमलावर भाग निकले।
इसके बाद आनन फानन में उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया जहां मृत घोषित कर दिया गया। वहां से शव को घर लाया गया तो कोहराम मच गया। महिलाएं दहाड़े मारकर रोने लगीं। सूचना पर इलाकाई पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और छानबीन शुरू की। मृतक के पांच पुत्र और एक पुत्री हैं। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी थी। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन बात नही हो सकी।
यह भी पढ़ें:-दीपोत्सव : एक लाख से ज्यादा दीपों से जगमगाई राम की पैड़ी, श्रद्धालु मना रहे दीपावली
