मुरादाबाद में हाथरस की बेटी को न्याय दिलाने सड़क पर उतरे लोग, कई जगह लगाया जाम, बाजार कराए बंद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। हाथरस की बेटी के साथ हुए जघन्य अपराध से आक्रोशित वाल्मीकि समाज के लोगों का एक बड़ा हुजूम गुरुवार को महानगर की सड़क पर नजर आया। सफाई कर्मियों ने भी उस बेटी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पांच स्थानों पर सांकेतिक जाम, बाजार बंद और सरकार व पुलिस के …

मुरादाबाद,अमृत विचार। हाथरस की बेटी के साथ हुए जघन्य अपराध से आक्रोशित वाल्मीकि समाज के लोगों का एक बड़ा हुजूम गुरुवार को महानगर की सड़क पर नजर आया। सफाई कर्मियों ने भी उस बेटी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पांच स्थानों पर सांकेतिक जाम, बाजार बंद और सरकार व पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर उन्होंने अपना गुस्सा प्रकट किया। सभा के माध्यम से अपनी आवाज को बुलंद किया और बड़े जुलूस के रूप में कमिश्नर कार्यालय आ गए। यहां पहले से मौजूद पीएसी व सिविल पुलिस के भारी बल ने बेरीकेडिंग कर उन्हें रोका। शहर के कई इलाकों में चार घंटे तक इस आंदोलन की गूंज रही।

– वाल्मीकि समाज व सफाई कर्मियों के इस आंदोलन में अन्य संगठन भी आए साथ
– गुलाबबाड़ी गोदाम के पास, इंपीरियल तिराहे, रोडवेज, बुध बाजार, पीलीकोठी पर बैठ गए आक्रोशित लोग
– एडीएम सिटी को ज्ञापन देकर जघन्य अपराध के आरोपियों को फांसी दिए जाने की मांग की

वाल्मीकि समाज के तत्वावधान में नगर निगम के सफाई कर्मी, दलित संगठन व राजनीतिक संगठन से जुड़े लोग सुबह आठ बजे करीब गुलाबबाड़ी गोदाम पर पहुंचे। यहां एकत्र होने के बाद इन लोगों ने हाथरस पुलिस और सरकार के खिलाफ हुंकार भरी। वहीं पर रामपुर रोड पर जाम लगाया। उसके बाद जुलूस की शक्ल में हनुमान मूर्ति पर जाम लगाया, फिर इंपीरियल तिराहे और रोडवेज पर जाम लगाने के बाद बुध बाजार पहुंचे। यहां भी सड़क पर बैठकर अपना गुस्सा जाहिर किया। उसके बाद सभी टाउनहॉल पर पहुंच गए।

इस दौरान दुकानों के शटर गिरवाये गए और बाजार बंद कराकर रोष जाहिर किया। उधर हरथला, गुरटटी, जेल के पास, कोतवाली, टाउनहॉल आदि के बाजार भी बंद कराए गए। पीलीकोठी पर भी जाम लगाया गया। नगर निगम का सफाई कार्य तो बंद रखा ही गया साथ ही टाउनहॉल और पीलीकोठी सहित निगम के दफ्तर गोदाम भी बंद कराए गए। टाउनहॉल पर सैकड़ों की संख्या में एकत्र होने के बाद हाथरस में हुए इस घिनौने अपराध के खिलाफ सभी ने गुस्सा प्रकट किया। आरोपियों को फांसी पर लटकाने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की आवाज को बुलंद करने का प्रयास किया।

कुछ देर सभा होने के बाद बड़ी संख्या में यह समाज व इनका साथ दे रहे दलों के लोग कमिश्नर कार्यालय की ओर बढ़ चले। संख्या काफी होने और कोई उपद्रव या अनहोनी होने के डर से पीएसी का भारी बल के साथ सिविल लाइंस थाने व कोतवाली सदर सहित पुलिस बल अलर्ट रहा। बेरीकेडिंग और दंगा नियंत्रण के इंतजाम के साथ मौजूद बल ने हुजूम को कमिश्नर और एडीएम सिटी कार्यालय जाने से रोका। काफी जोरदार प्रदर्शन हुआ और सरकार व पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दलित न्याय संघर्ष मोर्चा द्वारा दोपहर करीब 12 बजे राष्ट्रपति को प्रेषित ज्ञापन एडीएम सिटी को सौंपा गया।

चार घंटे तक पुलिस प्रशासन के फूलते रहे हाथ पांव
वाल्मीकि समाज का गुस्सा सुबह आठ बजे से ही सड़क पर दिखना शुरू हो गया था। संख्या जैसे जैसे बढ़ती जा रही थी, पुलिस की धड़कन भी बढ़ती जा रही थी। गुलाबबाड़ी पर जाम लगाया तो पुलिस ने उन्हें रोकना चाहा, पर गुस्साए हुजूम ने उनकी न सुनी। गुस्सा और संख्या देख किसी उपद्रव से बचाव को देखते हुए पुलिस ने ज्यादा, अवरोध नहीं किया। कई स्थानों पर जाम के दौरान पुलिस की सांस अटकती रहीं। बड़े अधिकारी भी पल पल की खबर लेते रहे। पीएसी और सिविल पुलिस का भारी बल अंबेडकर पार्क, से लेकर जैन मंदिर, गुरटटी, टाउन हॉल, पीलीकोठी व हरथला पर तैनात किया गया। खासतौर पर कमिश्नर कार्यालय, कलेक्ट्रेट पर बेरीकेडिंग और दंगा नियंत्रण के इंतजाम के साथ काफी संख्या में बल मौजूद रहा।

हरथला में पुलिस से हो गई नोकझोंक
कांठ रोड पर हरथला बाजार बंद करा रहे सफाई कर्मियों की पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक हो गई। एक दुकानदार ने जबरन दुकान बंद कराए जाने की शिकायत कर दी। इसपर सब इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह राणा मौके पर पहुंच गए। सफाई कर्मियों को जबरन दुकान बंद कराने से रोक दिया गया। इसपर गुस्साए कर्मचारियों ने साथी संख्या बुलाकर प्रदर्शन किया। उबाल देख पुलिस कर्मियों के हाथ पैर फूल गए। फौरन सिविल लाइंस एसएचओ नवल भी पुलिस बल के साथ हरथला आ गए। जबरन दुकान बंद किये जाने को रोका गया। कर्मचारी नेता लल्ला बाबू द्रविण के नेतृत्व में एकत्रित हुए सफाई कर्मियों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। काफी बहस के बाद जुलूस की शक्ल में यह हुजूम टाउनहॉल की ओर रवाना हो गया।

प्रदर्शनकारियों के जाते ही हरथला में ऊपर हो गए शटर
प्रदर्शनकारियों द्वारा हरथला में बाजार बंद कराया गया। कुछ को छोड़ लोगों ने उस वक्त शटर गिरा दिए। प्रदर्शनकारियों के जाते ही बाद में बाकी ने भी दोबारा शटर ऊपर कर बाजार खोल दिया।

गोदाम पहुंचकर सफाई वाहन किये लॉक, दफ्तर कराए बंद
वाल्मीकि समाज के लोग सफाई कर्मी नेताओं के साथ सुबह ही गुलाबबाड़ी गोदाम पहुंच गए। सुबह करीब आठ बजे सफाई के वाहन शहर में कचरा कलेक्ट करने निकलते हैं। फौरन सभी वाहनों को उन्होंने लॉक कर दिया। एक भी वाहन गोदाम से बाहर नहीं निकलने दिया। उसके बाद नगर निगम के टाउनहॉल और पीलीकोठी दफ्तर पर अधिकारियों के ऑफिस भी बंद करा दिए गए। संख्या बेहद अधिक थी, जिसे देख कार्यालय बंद करने में ज्यादा वक्त नहीं लगा।

एक दिन पहले ही रातभर बस्तियों में गूंजी हुंकार
आंदोलन और समाज के समर्थन को लेकर वाल्मीकि समाज के नेताओं ने एक दिन पहले ही तैयारी कर ली थी। उन्होंने बस्तियों में जाकर एनाउंस कराया। युवाओं, बुजुर्गों व समाज सहित अन्य से भी जघन्य अपराध के खिलाफ साथ आने की अपील की। इस तरह की अपील तमाम बस्तियों में हुई। कई जगह सभा भी हुई थी। इस प्रयास का असर दूसरे दिन देखने को भी मिला।

जाम से जूझे लोग, ट्रैफिक पुलिस के छूटे पसीने
पीली कोठी, पीएसी, कांठ रोड, रामपुर रोड पर गुलाबबाड़ी, इंपीरियल तिराहा, रोडवेज, बुधबाजार गुरटटी आदि सड़कों पर जाम से बुरा हाल रहा। स्थिति सामान्य करने में ट्रैफिक पुलिस के भी पसीने छूटते रहे। काफी देर तक इन सड़कों पर वाहनों की कतारें लगी रही। जाम में फंसे वाहनों काफी जद्दोजहद के साथ इस समस्या से निकल पाए।

बहुतायत में लोगों का हुजूम देख पसीने पोछती रही पुलिस
जो हुजूम सड़क पर उमड़ा था, जिस सड़क पर गुजरता जाम लग जाता। वाहनों को रोकना पड़ता। नियंत्रण को पहुंची पुलिस भी भारी भीड़ के बीच धक्का मुक्की से जूझती दिखी। एसपी सिटी सहित निरीक्षक हुजूम के बीच थे इस परेशानी से पुलिस के बड़े अधिकारी भी पसीना पोछते नजर आए। हुजूम में युवाओं की संख्या काफी ज्यादा देखी गई। ऐसे में कोई जरा सी चूक शहर का माहौल न बिगाड़ दे इस बात का डर भी पुलिस अफसरों में देखा जा रहा था। अधिकारी, इंस्पेक्टर व दरोगा युवाओं और शामिल जोशीले लोगों को अनुरोध के साथ समझाते नजर आए। नहीं माने तो कोई सख्ती नहीं की गई। स्थिति पर नजर रखी गई और नियंत्रण रखने और माहौल सामान्य बनाने का प्रयास होता रहा।

संबंधित समाचार