लखनऊ: जनेश्वर मिश्र की पुण्यतिथि पर अखिलेश यादव ने किया नमन, कहा- गरीब, पिछड़े, दलित के लिए आजीवन किया संघर्ष

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

अमृत विचार, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को वरिष्ठ समाजवादी नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री जनेश्वर मिश्र की पुण्यतिथि के अवसर पर राजधानी लखनऊ स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल और जनेश्वर मिश्र के परिवार के सदस्य तारकेश्वर मिश्र, मीना तिवारी, चन्द्रशेखर तिवारी, विश्वभूषण तिवारी समेत कई अन्य लोगों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि आज हम सब समाजवादी लोग जनेश्वर मिश्र को याद करते हैं। पूरे जीवन भर जनेश्वर मिश्र गरीब, पिछड़े, दलित, जिनका जीवन अभाव में रहा उनके लिए संघर्ष करते रहे। उन्होंने आजीवन समाजवादी आंदोलन तथा विचारधारा को आगे बढ़ाया। उनसे आने वाली पीढ़ी प्रेरणा लेती रहेगी। 

इसके अलावा अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि  पूरे प्रदेश में जगह-जगह हत्या हो रही हैं।  कानून व्यवस्था ध्वस्त है। कानून व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस की बात करने वालों सरकार में कानून व्यवस्था जीरो हो गई है। नोएडा ही नहीं आजमगढ़ समेत प्रदेश के अन्य जिलों से हत्या और आपराधिक घटनाओं की ख़बरे लगातार आ रही है। पुलिस हिरासत में उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा मौतें हो रही है। माताएं-बहनें असुरक्षित हैं। 
  
ये भी पढ़ें:- लखनऊ: प्राण प्रतिष्ठा के बीच राम रंग में रंगे Akhilesh Yadav, कहा- पावन हृदय में बसते हैं ‘सियाराम'

संबंधित समाचार