रुपया 90 के पार, डॉलर आसमान छूने लगा... अखिलेश का BJP पर जोरदार हमला- “अर्थव्यवस्था तबाह, पूंजीपतियों की जेब में सरकार...”

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि अर्थव्यवस्था पर बड़ा संकट है। रुपया लगातार नीचे जा रहा है। रुपया गिरते-गिरते डालर के मुकाबले 90 रुपये पर पहुंच गया। डालर की कीमत बढ़ रही है। भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार हर मामले में फेल है। भाजपा सरकार जनता से सच्चाई छिपाना चाहती है।

सपा प्रमुख ने रविवार को सहारनपुर में मीडिया से बात करते हुए कहा कि भाजपा जनहित में कोई काम नहीं कर रही है। भाजपा भावनाओं की राजनीति कर सरकार चला रही है। भाजपा सरकार संविधान से नहीं चल रही है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने जो रास्ता दिखाया है, जो संविधान बनाया है, सरकारों को उसी रास्ते पर चलना चाहिए। इंडिगो की फ्लाइटों के कैंसिल होने से यात्रियों को हो रही परेशानी को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि अगर उद्योगपतियों को ताकतवर बना देंगे तो वे सरकार पर दबाव बनाएंगे। सरकार के ऊपर जाकर काम करेंगे। इंडिगो पर सरकार का दबाव नहीं है। इंडिगो वालों से भाजपा ने इलेक्टोरल बांड लिए थे। सरकार पर पूंजीवादी हावी हैं।

अखिलेश यादव ने एसआईआर को लेकर कहा कि चुनाव आयोग का कार्य ज्यादा से ज्यादा लोगों का वोट बनवाने के लिए होना चाहिए, लेकिन इधर देखा जा रहा है कि वोट काटा जा रहा है। भाजपा उत्तर प्रदेश में हार गई है, इसीलिए वोट काटा जा रहा है। जो स्थिति है, उससे हमारा अनुमान है कि दो करोड़ से तीन करोड़ लोगों का वोट कटेगा। जनता अपने वोट जुड़वाने के लिए कागज ढूंढ रही है। बड़े पैमाने पर लोगों के वोट काटे जा रहे हैं।

संबंधित समाचार