संभल: 35 श्रमिकों को इजराइल भेजने की प्रक्रिया अंतिम चरण में
शासन के निर्देश पर श्रम विभाग ने कुशल निर्माण श्रमिकों का किया चयन, जिला अस्पताल में कराया गया श्रमिकों का मेडिकल परीक्षण, रिपोर्ट का इंतजार, मेडिकल परीक्षण रिपोर्ट में फिट होने वाले श्रमिकों को आज किया जाएगा रवाना
संभल, अमृत विचार। श्रम विभाग ने जनपद से कुशल निर्माण श्रमिकों को इजराइल भेजने की प्रक्रिया तेज कर दी है। 35 श्रमिकों को इजराइल भेजने की बात कही जा रही है। जिसके लिए श्रमिकों का मंगलवार को भी जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया है। अगर मेडिकल रिपोर्ट में श्रमिक फिट पाए गए तो बुधवार को ही लखनऊ के लिए रवाना किए जाएंगे। वहां साक्षात्कार, पुलिस वेरिफिकेशन के साथ ही अन्य प्रक्रिया पूर्ण कराई जाएगी।
इजराइल में हुए युद्ध से पैदा हालात को लेकर वहां की सरकार ने कुशल निर्माण श्रमिकों की मांग की थी। जिसे लेकर केंद्र सरकार ने कवायद शुरू कराई। कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के अधीन कार्यरत एजेंसी इंटरनेशनल के माध्यम से श्रमिकों को इजराइल भेजने को लेकर जनपद से 200 श्रमिकों का चयन करने में अधिकारी जुटे। जिसमें आयरन वेंडिंग, सिरेमिक, टाइल्स एवं शटरिंग और कारपेंटर का काम करने वाले श्रमिकों को मौका दिया गया। बताया गया कि मासिक वेतन 1.37 लाख रुपये होगा।
श्रमिकों ने भी नगर पालिका में स्थित श्रम कार्यालय पहुंचकर इजराइल जाने की इच्छा जताई। जिसके आधार पर श्रम विभाग ने श्रमिकों का चयन किया और मेडिकल परीक्षण कराने की प्रक्रिया पूर्ण की। मंगलवार को भी जिला अस्पताल में कई श्रमिकों का मेडिकल कराया गया। श्रम प्रवर्तन अधिकारी विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि जिले से 35 श्रमिकों को इजराइल भेजा जाना है। श्रमिकों का मेडिकल परीक्षण कराया है। कुछ श्रमिकों की मेडिकल परीक्षण रिपोर्ट मिलनी बाकी है। यह जल्द ही स्पष्ट होगा कि कितने श्रमिक फिट हैं। फिट श्रमिकों को ही इजराइल भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
तो आज लखनऊ रवाना किए जाएंगे श्रमिक
संभल। श्रम प्रवर्तन अधिकारी विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि चयनित किए गए सभी श्रमिक फिट रहे तो बुधवार को लखनऊ रवाना किया जाएगा। लखनऊ में उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड कार्यालय में श्रमिकों का साक्षात्कार होगा। साक्षात्कार के बाद पुलिस श्रमिकों का वेरिफिकेशन करेगी। पासपोर्ट आदि की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद श्रमिकों को इजराइल के लिए रवाना किया जाएगा। इस बीच मेडिकल कराने वाले श्रमिकों में खुशी का माहौल नजर आया। श्रमिकों का कहना रहा कि भले ही इजराइल जाकर काम करेंगे लेकिन वहां काम करने से जो पैसा मिलेगा उससे आने वाले समय में जरूरतों को पूरा किया जा सकेगा।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : गन्ना मूल्य में 20 रुपये की बढ़ोतरी से किसान नाखुश, बोले- 'इतनी महंगाई में कैसे पालेंगे परिवार'
