गोंडा में 24 घंटे का कोल्ड डे, कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी
गोंडा, अमृत विचार। जनवरी महीने की ठंड ने जन जीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। बुधवार की सुबह घने कोहरे के साथ हुई तो दिन भर आसमान में धुंध छायी रही। पूरे दिन सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए जिसके चलते लोग अपने घरों में दुबके रहे। लगातार चल रही बर्फ़ीली हवा और गलन से लोग परेशान रहे। मौसम विभाग ने जिले में 24 घंटे तक कोल्ड डे रहने की चेतावनी दी है और कोहरे को लेकर भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को घने कोहरे के कारण सड़क पर दृष्यता 50 मीटर से कम रही और वाहन चालकों को हेड लाइट जलाकर चलना पड़ा। ठंड और शीतलहर के कारण दिन का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा।
बताते चलें कि पिछले करीब एक महीने से जिले में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जिससे आमजन परेशान है। जनवरी महीने में कोहरे और बर्फीली हवा के डबल अटैक से मौसम में गलन है और ठंड अपने चरम पर है, जिससे राहगीर व मजदूरी पेशा लोग परेशान हो रहे हैं। हालांकि मंगलवार को दिन में कुछ घंटों के लिए धूप निकलने से लोगों को राहत मिली थी लेकिन बुधवार की सुबह घने कोहरे के साथ हुई। कोहरे के कारण सड़क पर विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही और वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। पूरे दिन सरकारी कार्यालय मे अलाव व हीटर के सहारे लोगो ने काम निपटाया।

बुधवार को जिले का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस जबकि दिन का अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। ठंड से बचने के लिए लोग लकड़ी जलाकर अलाव सेंकते रहे। हालांकि इस कड़ाके की ठंड के बावजूद नगर पालिका क्षेत्र में अलाव की पर्याप्त व्यवस्था नहीं दिख रही है। अभी भी कई ऐसे चौराहे व मोहल्ले है जहां पर अलाव जलता नहीं दिख रहा है। इससे मजदूरी पेशा लोगों के लिए काफी समस्या खड़ी हो रही है। इस ठंडक के चलते रिक्शा चालक ,राहगीर परेशान हो रहे हैं। ऐसे लोगों के लिए यह ठंड जानलेवा साबित हो रही है। ठंड की वजह से महिलाएं व बच्चे बीमार हो रहे हैं। गलन भरी हवा चलने से जीवन बेहाल है। लोग अपने रोजमर्रा का कार्य भी सही तरीके से नहीं कर पा रहे हैं। अभी अगले दो दिनों तक मौसम में बदलाव की संभावना नहीं दिखाई दे रही है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक जिले में कोल्ड डे रहने की चेतावनी दी है और कोहरे को लेकर भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
