पीएम आवास योजना शहरी व स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को प्रधानमंत्री ने अचानक बुलाया दिल्ली, जानिये वजह?
लखनऊ। यूपी के विभिन्न जिलों से प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी व प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के 54 लाभार्थी नई दिल्ली में होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल होने के लिए रवाना हुए। राजधानी लखनऊ से रवाना हुए लाभार्थियों के दल में लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर, मऊ एवं अयोध्या के लाभार्थी सम्मिलित हुए।
वहीं जनपद गाजियाबाद, हापुड़ एवं बुलंदशहर से भी लाभार्थियों के दल रवाना हुए जिसमें इन जनपदों के साथ ही अलीगढ़, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, मेरठ तथा गौतमबुद्ध नगर के लाभार्थियों को भी सम्मिलित किया गया।
रवाना हुई टीमों के साथ आठ नोडल अधिकारी भी साथ गए हैं। आपको बताते चलें कि लखनऊ से जाने वाले लाभार्थी सुबह ही राज्य नगरीय अभिकरण सूडा के मुख्यालय तय समय पर पहुंच गए। जहां से उनको लग्जरी बस के माध्यम से नई दिल्ली के लिए रवाना किया गया।

यात्रा दल के वाहन को निदेशक सूडा डा. अनिल कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अपर निदेशक सूडा आनंद कुमार शुक्ला, वित्त नियंत्रक श्री संजीव गुप्ता, कार्यक्रम अधिकारी, सूडा अतुल सिंह चौहान के साथ अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
प्रदेश के सभी लाभार्थी अपने परिवार के एक सदस्य के साथ दिल्ली में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे। साथ ही ये लाभार्थी दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेंगे और भारत सरकार द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

यह भी पढ़ें: लखनऊ: सूडा मुख्यालय में दिलाई गई मताधिकार के प्रयोग की शपथ, निदेशक बोले- हम भाग्यशाली हैं जो भारत में जन्मे
