बरेली: रुहेलखंड विश्वविद्यालय में परीक्षा के दौरान इयरबड मिलने पर बीटेक छात्र का हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बीच परीक्षा में रोका गया, विद्यार्थी परिषद ने शिक्षक पर अभद्रता का लगाया आरोप

बरेली, अमृत विचार। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में परीक्षा के दौरान बीटेक छात्र के पास इयरबड पकड़े गए थे। छात्र की प्रथम सेमेस्टर में पांच बैक थीं और उसने फीस भी जमा नहीं की थी। इस पर उसे परीक्षा देने से रोक दिया गया तो उसने हंगामा किया। उसने शिक्षक को भी धमकी दी। इसके बाद विद्यार्थी परिषद ने जमकर हंगामा किया। 

इस पर चीफ प्रॉक्टर प्रो. एके सिंह मौके पर पहुंचे और सुरक्षा प्रभारी सुधांशु को बुलाया गया। कुलपति प्रो केपी सिंह ने विभागाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह से जानकारी कर छात्र का रिकॉर्ड चेक कराया तो पता चला कि छात्र की पांच बैक हैं, जबकि चार बैक होने पर ही अगले सेमेस्टर की परीक्षा में बैठने का नियम है। छात्र बिना फीस जमा किए गलत तरीके से परीक्षा देने पहुंच गया था। वहीं विद्यार्थी परिषद ने शिक्षक पर अभद्रता कर जूता उठाने का आरोप लगाया है।

विद्यार्थी परिषद के विश्वविद्यालय इकाई से जुड़ा छात्र रजत शर्मा बुधवार को बीटेक परीक्षा देने पहुंच गया। इसी दौरान गेस्ट शिक्षक ने उसके पास इयरबड पकड़े। इसके अलावा उसे बैक होने और फीस जमा न होने के बारे में कहा तो छात्र ने विरोध किया। इसके बाद छात्र को बाहर कर दिया गया। इसके बाद छात्र के बुलाने पर विद्यार्थी परिषद के श्रेयांश बाजपेई, विश्वविद्यालय से निष्कासित छात्र और इकाई अध्यक्ष रवि प्रताप सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता विश्वविद्यालय पहुंचे और हंगामा किया। शिक्षक का घेराव किया। 

विभागाध्यक्ष के समक्ष भी विरोध जताया तो उन्होंने संकायाध्यक्ष के पास जाने को कहा, लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद प्रॉक्टर और सुरक्षा प्रभारी को बुलाया गया। मामला कुलपति तक पहुंचा और फिर छात्र को नियम के तहत परीक्षा में बैठने का निर्देश दिया गया। वहीं, निष्कासित छात्र रवि प्रताप बुधवार को विश्वविद्यालय के छात्रावास में खाना खाते भी पकड़ा गया। इसका दूसरे संगठन के छात्रों ने विरोध जताया है। इसके बाद विद्यार्थी परिषद ने जल्द विरोध प्रदर्शन करने की बात कही है। 

श्रेयांश बाजपेई का आरोप है कि छात्र गलती से जैकेट में इयरबड रखकर ले गया था। वह नियम से परीक्षा दे रहा था। शिक्षक ने छात्र के साथ अभद्रता की और जूता उठाकर मारने की भी कोशिश की। चीफ प्रॉक्टर प्रो एके सिंह ने बताया कि छात्र ने हंगामा किया था। उसे नियम के तहत परीक्षा में बैठने के निर्देश दिए हैं।

ये भी पढे़ं- बरेली: जेईई मेंस परीक्षा शुरू, 98 परीक्षार्थी हुए शामिल

संबंधित समाचार