बरेली: नाथ कॉरिडोर की तीन सड़कों के लिए 19 करोड़ मंजूर, इन मार्गों का होगा कायाकल्प
पीडब्ल्यूडी मंत्री ने 10 जनवरी को आठ सड़कों के लिए 25 करोड़ रुपये किए थे स्वीकृत
बरेली, अमृत विचार: लोक निर्माण विभाग मंत्री जितिन प्रसाद ने नाथ मंदिरों को जोड़ने वाली तीन सड़कों के निर्माण के लिए 19 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इससे पहले 10 जनवरी को आठ सड़कों के लिए 25 करोड़ रुपये की मंजूरी दी थी।
नाथ कॉरिडोर के अंतर्गत 20.17 किलोमीटर सड़कों का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाना है। हार्टमन पुल से रामलीला मैदान तक फोरलेन प्रस्तावित है। वहीं पीलीभीत बाईपास से वनखंडी नाथ मंदिर तक तीन मीटर से 18 मीटर चौड़ा होना है। इन मार्गों पर किनारे जो जमीन बचेगी वहां टाइल्स लगाई जाएंगी। मुख्य अभियंता संजय तिवारी ने बताया कि नाथ कॉरिडोर में कुल 11 सड़कों का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण होना है। पिछले दिनों पीडब्ल्यूडी मंत्री ने 10.9 किलोमीटर की आठ सड़कों के लिए 24 करोड़ 62 लाख 68 हजार रुपये मंजूर किए थे। अब चार अन्य मंदिरों को जोड़ने वाले तीन मार्गों के लिए 19 करोड़ सात लाख रुपये की स्वीकृति दी है।
इन मार्गों का होगा कायाकल्प
बनखंडीनाथ मंदिर से पशुपतिनाथ मंदिर तक 1.650 किमी के लिए 645.10 लाख, धोपेश्वर नाथ मंदिर से स्टेशन रोड पुलिस चौकी (वाया युगवीणा लाइब्रेरी) तक 1.80 किमी लंबी सड़क के लिए 669.92 लाख, सुभाषनगर पुलिया से तपेश्वरनाथ मन्दिर तक 1.29 किमी सड़क के लिए 592.03 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
यह भी पढ़ें- बरेली: खुले में रखे ट्रांसफार्मर और जर्जर लाइन कहीं बन न जाए हादसे की वजह, अफसर नहीं दे रहे ध्यान
