अमरोहा : धूमधाम से मनाया गया 75 वां गणतंत्र दिवस, सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने दिखाई अपनी प्रतिभा
अमरोहा। जिले में 75वें गणतंत्र दिवस का जश्न धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान चारों ओर देश भक्ति के गीतों की गूंज सुनाई दी। नन्हे - मुन्ने बच्चे भी हाथों में अपने देश का तिरंगा झंडा लेकर उत्साहित होकर आते जाते दिखे। सरकारी व प्राइवेट संस्थानों, स्कूलों, कार्यालयों में शान से तिरंगा फहराया गया। कलेक्ट्रेट, स्कूलों समेत विभिन्न जगहों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इसके अलावा जिलाधिकारी राजेश कुमार त्यागी और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बेहतर कार्य करने वाले महानुभावों को सम्मानित किया।

शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी राजेश कुमार त्यागी ने सुबह 9:00 ध्वजारोहण किया। जिसके बाद उन्होंने बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि भारत को आजाद कराने में हमारे देश के वीर जवानों की अहम भूमिका रही है। उधर, पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ध्वजारोहण किया। इसके अलावा जिले के सभी थानों में भी थाना प्रभारियों द्वारा झंडा फहराया गया। इस दौरान पिछले एक वर्ष में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
