नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की सुरक्षा योजना को BCAS की मंजूरी, जल्द शुरू होगा कमर्शियल ऑपरेशन
नोएडा। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा को नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) से अपनी सुरक्षा योजना के लिए मंजूरी मिल गई है, जो उड़ान संचालन शुरू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। एयरपोर्ट ने मंगलवार को बयान में कहा कि वह उड़ान सेवाएं शुरू करने की तारीख तय करने के लिए विमानन कंपनियों और अन्य भागीदारों के साथ मिलकर काम कर रहा है।
बयान के अनुसार, '' नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बीसीएएस से हवाई अड्डा सुरक्षा कार्यक्रम (एएसपी) की मंजूरी मिल गई है। यह हवाई अड्डा की परिचालन तैयारी की दिशा में एक अहम उपलब्धि है। साथ ही यह पुष्टि करता है कि सुरक्षा ढांचा एवं प्रक्रियाएं, नियामकीय आवश्यकताओं के अनुरूप हैं।'' बयान में कहा गया, ''इसके बाद हम विमानन कंपनियों और भागीदारों के साथ मिलकर वाणिज्यिक परिचालन शुरू करने की तारीख तय करेंगे।
हमारा ध्यान यह सुनिश्चित करने पर है कि सभी प्रणालियां, प्रक्रियाएं एवं कर्मचारी सुरक्षित, कुशल और सुचारु संचालन के लिए पूरी तरह तैयार हों।'' नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के जेवर में विकसित हो रही एक नई परियोजना है।
इसे क्षेत्रीय संपर्क और आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 28 मार्च को इसका उद्घाटन किया था। परिचालन शुरू होने के बाद इसके दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर यात्रियों का दबाव कम करने और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए एक प्रमुख विमानन केंद्र के रूप में उभरने की उम्मीद है।
