बरेली: सांड के हमले से बुजुर्ग की मौत के मामले में पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी पर FIR दर्ज
24 जनवरी को सांड़ के हमले में चली गई थी बुजुर्ग की जान
बरेली, अमृत विचार। बारादरी के सेंट्रल स्टेट कॉलोनी निवासी एक बुजुर्ग की सांड़ के हमले में मौत हो गई थी। इस मामले में अपर नगर आयुक्त प्रथम ने नगर निगम के पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी पर थाना इज्जतनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बता दें कि 24 जनवरी को सुबह आठ बजे सेंट्रल स्टेट कॉलोनी निवासी बुजुर्ग करुणा शंकर पांडेय पर सांड़ ने हमला कर दिया था जिससे उनकी मौत हो गई थी। वहीं चंद्रमणि नगर बुद्धविहार निवासी नीलेश गुप्ता, विपिन गुप्ता, अंकित गुप्ता, सुदेश गुप्ता और संजयनगर निवासी अभिषेक सहित 12 लोगों को सांड़ ने घायल कर दिया था। स्थानीय लोगों व मॉडल टॉउन चौकी इंचार्ज वैभव गुप्ता ने कई बार नगर निगम की टीम को फोन कर सांड़ को पकड़ने का अनुरोध किया लेकिन टीम रात 11 बजे पहुंची।
बताया गया कि पकड़ते समय सांड़ के गले में रस्सी का फंदा खिंच गया जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि नगर निगम के पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी आदित्य तिवारी ने बताया कि उसकी मौत रेबीज के चलते हुई है। सांड़ में रेबीज की जांच भी नहीं कराई गई। अपर नगर आयुक्त प्रथम सुनील कुमार यादव ने पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी आदित्य तिवारी को लापरवाह मानते हुए थाना इज्जतनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ये भी पढ़ें- बरेली में दर्दनाक हादसा: एक ही परिवार के 5 लोगों की जिंदा जलकर मौत, मचा कोहराम
