खीरी जिले को मिला एक और एएसपी, लंबे अर्से से खाली पड़ा था पद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। जिले को एक और एएसपी रविवार को मिल गया। इससे अब पहले से सृजित रिक्त पड़े एएसपी पद पर  दूसरे एएसपी की तैनाती की उम्मीद बढ़ गई है। 

लखीमपुर खीरी यूपी का सबसे बड़ा जिला है। दो साल पहले जिले में महिला थाना समेत 23 थाने और 24 से अधिक पुलिस चौकियां थीं। शासन से स्वीकृत मिलने के बाद जिले की चार चौकियों उचौलिया, शारदा नगर, पढुआ और खमरिया को थाना बना दिया गया था। यह सभी नवसृजित सभी थाने शुरू हो गए हैं। इसके अलावा पलिया में मॉर्डन महिला थाना भी बनकर लगभग तैयार हो गया है। इसके भी शीघ्र चालू होने की संभावना जताई जा रही है। 

इन सभी थानों के अस्तित्व में आने के बाद जिले में कोतवाली और थानों की संख्या बढ़कर 28 पहुंच गई है। वैसे तो जिले में आबादी और थानो के अनुसार पुलिस अधिकारियों की तैनाती की जाती है। पड़ोसी जनपद शाहजहांपुर, हरदोई समेत कई अन्य जिलो में एसपी के अलावा दो एएसपी की तैनाती है, लेकिन सूबे के सबसे बड़े जिले में अर्से से एक ही एएसपी की तैनाती है। 

भौगोलिक और जनसंख्या की दृष्टि से कानून व्यवस्था दुरुस्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है। हैरत की बात यह है कि 55 लाख की आबादी वाले इस जिले में थानों में तो फोर्स कम है ही। सब इंस्पेक्टर और सिपाही की भी भारी कमी है। इसके बाद भी एएसपी की तैनाती न होना भी महकमे के लिए चिंता का कारण बना हुआ था। 

करीब तीन साल पहले पुलिस महानिदेशक कार्यालय ने बेहतर पुलिसिंग और कानून व्यवस्था के लिए प्रदेश के नौ जिलों के साथ लखीमपुर खीरी में भी अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के दो पद सृजित किए थे। जिस पर जिले को पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्र में बांटा गया था। पहले से तैनात एएसपी घनश्याम चौरसिया को पश्चिमी व स्थानांतरित होकर आए आईपीएस प्रशांत वर्मा को एएसपी पूर्वी बनाया गया था। 

कुछ दिनों बाद आईपीएस प्रशांत वर्मा का स्थानांतरण हो गया। इसके बाद जिले को दूसरा एएसपी नहीं मिल सका। तब से एक ही एएसपी के कंधे पर दोनों क्षेत्रों का कार्यभार चल रहा है। वर्तमान समय में नैपाल सिंह एएसपी हैं। शासन ने रविवार को गौतम बुद्ध नगर के अपर पुलिस उपायुक्त पवन गौतम को स्थानांतरित कर  अपर पुलिस अधीक्षक पद पर लखीमपुर भेजा है। इससे जिले में अब दो एएसपी हो जायेंगे। 

पूर्वी व पश्चिमी में यह शामिल हैं थाने
लखीमपुर जनपद में सात सदर लखीमपुर, निघासन, धौरहरा, मितौली, गोला, पलिया और मोहम्मदी सीओ सर्किल हैं। सदर लखीमपुर सर्किल में सदर कोतवाली, महिला थाना, थाना खीरी, शारदानगर और फरधान है। पूर्वी सर्किल में सीओ सर्किल सदर, धौरहरा, निघासन को शामिल किया गया है। पश्चिम क्षेत्र में पलिया, गोला, मोहम्मदी और मितौली सर्किल  है। 

एएसपी के दो पद स्वीकृत हैं। दूसरे पद पर नियुक्ति के लिए शासन से लगातार पत्राचार किया जा रहा था। जिले को दूसरा एएसपी मिल गया है। एएसपी के आने पर तैनाती कर दी जाएगी।-गणेश प्रसाद साहा, एसपी

ये भी पढे़ं- लखीमपुर-खीरी: हादसे में घायल पूर्व होमगार्ड की अस्पताल में मौत, परिवार में मचा कोहराम

 

संबंधित समाचार