बरेली: स्कूली वाहनों में सीसीटीवी कैमरों की आज से होगी चेकिंग
बरेली, अमृत विचार। आरटीओ ने बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूली वाहनों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश वाहन संचालकों को दिए थे। अभी तक सभी स्कूली वाहनों में सीसीटीवी कैमरे नहीं लग सके हैं। अब सभी स्कूल खुलने शुरू हो जाएंगे, ऐसे में सोमवार को परिवहन विभाग की टीम स्कूली वाहनों की चेकिंग करेगी। इसमें सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जाएगी, यदि कैमरे लगे नहीं मिले तो कार्रवाई की जाएगी।
विकास भवन के पास स्थित डीटीआई में पिछले महीने स्कूल वैन संचालकों और परिवहन विभाग के अधिकारियों की एक बैठक हुई थी। बैठक में आरटीओ प्रवर्तन दिनेश कुमार सिंह ने स्कूल वाहन संचालकों को निर्देश दिए थे कि एक सप्ताह में वाहनों में जीपीएस, स्पीड गर्वनर, पीली पट्टी, स्कूल का नाम, खिड़की पर रॉड, फिटनेस, पंजीकरण, लाइसेंस आदि मानक पूरे करने के साथ ही सीसीटीवी भी कैमरे अनिवार्य रूप से लगवाए जाएं।
आरटीओ प्रवर्तन दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि अगर स्कूली वाहनों में मानक और सीसीटीवी कैमरे लगे हुए नहीं मिले तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढे़ं- बरेली: यात्रियों पर दोहरी मार, कोहरे में बसें निरस्त, टिकट के पैसे भी नहीं हो रहे वापस
