Chitrakoot News: खाते सीज होने से परेशान प्रधानों ने किया विरोध प्रदर्शन, डीएम को मांगपत्र देकर कहा- बाधित हो रहे विकास कार्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट में खाते सीज होने से परेशान प्रधानों ने विरोध प्रदर्शन किया।

चित्रकूट में खाते सीज होने से परेशान प्रधानों ने विरोध प्रदर्शन किया। डीएम को मांगपत्र देकर कहा कि विकास कार्य बाधित हो रहे।

चित्रकूट, अमृत विचार। ग्राम पंचायतों के खाते सीज किए जाने से परेशान ग्राम प्रधानों ने सोमवार को अखिल भारतीय प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष सुनील शुक्ल की अगुवाई में जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। प्रधानों का कहना था कि खाते सीज होने से विकास कार्य अवरुद्ध हो रहे हैं। बाद में इन लोगों ने जिलाधिकारी अभिषेक आनंद को पांच सूत्रीय मांगपत्र भी दिया। 

जिलाध्यक्ष ने बताया कि ग्राम पंचायतों के खाते बंद होने से गांवों में विकास कार्य बाधित हो गए हैं। कहा कि ग्राम पंचायतों द्वारा हर भुगतान सही तरीके से किया है। कार्रवाई गलत तरीके से की गई है। प्रधानों का कहना था कि मनरेगा में कई माह से मजदूरी का पैसा नहीं आया है। डीएम ने भरोसा दिया कि भरणपोषण का जल्द भुगतान होगा। ग्राम सभाओं की जमीनों से अवैध कब्जे प्राथमिकता से हटाए जाएंगे।

पंचायतों में हुए भुगतान के मामले की सही जांच कराई जाएगी। निर्दोष के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी। इस दौरान कमल यादव, विक्की सिंह, विपिन मिश्र, शैलेंद्र शुक्ला, महेंद्र प्रसाद, राजकरन, आनंद कुमार, राजेंद्र सिंह, रामबाबू शुक्ला, फलेश यादव, शारदा प्रसाद, अनिल मिश्र, सुनील कुमार, अंबिका प्रसाद, दिनेश, रामप्यारे, दयाशंकर, इंदल, फूलचंद्र आदि मौजूद रहे।

गोवंशों के भरणपोषण में आ रही दिक्कत

ग्राम प्रधानों का कहना था कि खाते सीज होने से जहां विकास कार्य रुके पड़े हैं, वहीं पिछले पांच माह से गौशालाओं में संरक्षित गोवंशों के भरणपोषण संबंधी भुगतान नहीं हुआ है। पत्रावली के नाम पर प्रधानों को ब्लाक, तहसील व सीवीओ कार्यालय में चक्कर कटवाया जा रहा है। हर जगह प्रधान शोषण का शिकार हो रहे हैं। पहाड़ी ब्लाक अध्यक्ष अभिलाष पटेल, रामनगर अध्यक्ष व कर्वी ब्लाक अध्यक्ष विष्णुकांत ने कहा कि प्रधान गौशालाओं में गोवंशों को संरक्षित करने में काफी धन खर्च कर चुके है लेकिन भुगतान समय से न होने से दिक्कत आ रही है।  

अग्रसारित नहीं कर रहे पत्रावली

अखिल भारतीय प्रधान संगठन मऊ के अध्यक्ष प्रभात पांडेय ने बताया कि एसडीएम पिछले एक माह से गौशालाओं के भुगतान संबंधी पत्रावली को अग्रसारित नहीं कर रहे है। आरोप लगाया कि प्रधानों पर मानसिक दबाव बनाया जा रहा है। सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों पर भूमि प्रबंधन समिति ने एसडीएम को अवगत कराया पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने भी इस संबंध में ज्ञापन देकर जांच की मांग की। साथ ही कहा कि अगर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो प्रधानों द्वारा कार्य बहिष्कार किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- Auraiya: पेड़ से टकराई कार... एक की मौत व दो घायल, दोस्त की बहन का तिलक चढ़ाने गए थे, कोहरे के कारण हुआ हादसा

संबंधित समाचार