फतेहपुर: पुलिस प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर युवक ने दी जान! खुदकुशी से पहले बनाया Video

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामरतन हत्याकांड में थरियांव पुलिस लाई थी थाने, एसपी से मिलकर परिजनों ने की कार्रवाई की मांग

थरियांव/फतेहपुर, अमृत विचार। ढाई माह पूर्व हुई किसान की हत्या के मामले में एक युवक को पुलिस ने इतना प्रताड़ित किया कि परेशान युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मामले में परिजनों ने पुलिस पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। वहीं युवक ने खुदकुशी से पहले एक वीडियो भी बनाया है, जिसमें वह अपनी मौत का जिम्मेदार पुलिस को बता रहा है।
 
हुसेनगंज थाना क्षेत्र के मानपुर निवासी रामरूप लोधी (20) पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। उसके पिता अनोखे लाल ने बताया कि थरियांव थाना क्षेत्र के सेमरा गांव में ढाई माह पूर्व रामरतन रैदास की हत्या हो गई थी। उसी मामले में थरियांव पुलिस ने पूछताछ के लिए बेटे को 27 जनवरी को थाने ले गई थी।

आरोप लगाया कि दिनभर पुलिस बेटे से हत्या के मामले में जबरन जुर्म कुबूल करने का दबाव बनाती रही और बेटे की पिटाई कर प्रताड़ित भी किया। पुलिस प्रताड़ना के क्षुब्ध होकर बेटे ने रविवार की रात गांव के बाहर नीम के पेड़ में गमछे के सहारे फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। बताया कि खुदकुशी करने से पहले बेटे ने अपने मोबाइल फोन में एक वीडियो बनाया है। 

जिसमें वह पुलिस प्रताड़ना की पूरी दास्तां बयां कर रहा है। मृतक के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह को शिकायती पत्र देकर पुलिस पर कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक को जांच सौंपी गई है। उधर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

यह भी पढ़ें : लखनऊ : नवजात बच्चे को अस्पताल में छोड़ भाग रही थी मां, डॉक्टर और पुलिस ने मिलकर समझाया

संबंधित समाचार