बरेली: तय की 72 घंटे की समयसीमा तो 28 दिन में बने 1.64 लाख प्रमाण पत्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अनुपम सिंह, बरेली, अमृत विचार। तहसीलों में आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र के लिए महीनों चक्कर काटने के मामले आम हैं लेकिन पुलिस भर्ती के दौरान डीएम ने ये प्रमाणपत्र जारी करने के लिए अधिकतम 72 घंटे की समयसीमा तय की तो रिकॉर्ड बन गया।

सिर्फ 28 दिन के अंदर जिले में करीब 1.64 लाख प्रमाणपत्र जारी कर दिए गए। जिले की तहसीलों में यह काम कितनी तेजी से किया गया, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 2023 में पूरे साल भर में साढ़े छह लाख प्रमाणपत्र जारी हो पाए थे।

नागरिक पुलिस में आरक्षी भर्ती में कोई भी अभ्यर्थी प्रमाण पत्र की वजह से भाग लेने से वंचित न रहे, इसके लिए डीएम रविंद्र कुमार के निर्देश के बाद तहसीलों में कई इंतजाम किए गए। ऑनलाइन आवेदनों पर तेजी से प्रक्रिया पूरी करने के लिए सभी तहसीलों में सैकड़ों की संख्या में अतिरिक्त लेखपालों की ड्यूटी लगाई गई थी। ऑनलाइन आवेदनों को फॉरवर्ड करने के लिए विशेष टीमें बनाए जाने के साथ एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदारों की भी अलग-अलग भूमिका तय की गई। एडीएम प्रशासन दिनेश को पूरे जिले की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई थी।

जिला प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक जिले में 19 दिसंबर 2023 से 16 जनवरी तक निवास प्रमाणपत्र के लिए 69688, जाति प्रमाणपत्र के लिए 59933 और आय प्रमाणपत्र के लिए 34752 आवेदन किए गए। इन सभी आवेदनों पर लगभग शत-प्रतिशत तौर पर डीएम की ओर से निर्धारित 72 घंटे की समयसीमा का पालन किया गया और 164,373 प्रमाणपत्र जारी कर दिए गए।

वर्ष 2023...
एक जनवरी 2023 से लेकर 31 दिसंबर 2023 तक जिले में 6,68,086 प्रमाण पत्र जारी हुए थे। इसमें आय के 234145, जाति के 186951, निवास के 246990 प्रमाण पत्र शामिल थे।

बेरोजगारी...
जिले में बने 1.64 लाख आवेदन बेरोजगारी की भी कहानी बयां कर रहे हैं। बता दें कि सरकार ने 60,244 पदों पर भर्ती की घोषणा की है। इसके लिए ढाई गुना से ज्यादा आवेदन बरेली से ही हो गए हैं।

तहसील सदर : शिफ्टों में लगाई 76 लेखपालों की ड्यूटी
एसडीएम सदर रत्निका श्रीवास्तव के मुताबिक प्रमाण पत्र जारी करने के लिए डीएम की ओर निर्धारित तीन दिन की समय सीमा का पूरी तरह पालन किया गया। सदर तहसील में पोर्टल पर आने वाले आवेदनों को लेखपालों के लॉगइन पर फारवर्ड करने के लिए 10 लोगों की अलग टीम लगाई थी। सिर्फ सदर तहसील में आवेदनों की जांच और रिपोर्ट देने के लिए 76 लेखपालों की शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई थी। इसी तरह की व्यवस्था बाकी तहसीलों में भी की गईं। इसी कारण लक्ष्य पूरा हो गया।

वैसे 45 दिन की समयसीमा मगर उसका भी पालन नहीं
ये प्रमाणपत्र बनाने की सामान्य समयसीमा 45 दिन की है। कुछ समय पहले मुख्यमंत्री ने इसे सात दिन करने को कहा था लेकिन शासनादेश जारी नहीं हुआ। डेढ़ महीने की समयसीमा होने के बाद भी एक जनवरी 2023 से 31 दिसंबर 2023 तक आय के 66741, जाति के 6180, निवास के 13675 प्रमाण पत्र इसके अंदर जारी नहीं हो पाए थे। पुलिस भर्ती के लिए 19 दिसंबर से 16 जनवरी 2024 के बीच जाति के सिर्फ नौ और निवास के तीन और आय के 2462 प्रमाण पत्र 72 घंटे की समयसीमा के बाहर बने हैं।

ये भी पढे़ं- बरेली: ओवरहेड टैंक और अटल आवासीय विद्यालय निर्माण की धीमी प्रगति पर कमिश्नर हुईं नाराज, लक्ष्य पूरा करने के दिए निर्देश

 

संबंधित समाचार