खीरी से उत्कर्ष, तो धौरहरा से आनंद भदौरिया लड़ेंगे लोकसभा चुनाव 

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

लखीमपुर खीरी,अमृत विचार।जिले की खीरी और धौरहरा लोकसभा सीट पर सपा ने अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। एनडी गठबंधन होने के बाद भी कांग्रेस के लिए  एक भी सीट नहीं छोड़ी है। इससे कांग्रेस को करारा झटका लगा है। वहीं सपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व सांसद रवि प्रकाश वर्मा का चुनाव लड़ने का सपना पूरा होने पर ग्रहण लग गया है। लखीमपुर खीरी में लोकसभा की दो सीटे हैं। वर्तमान में दोनों सीटों पर भाजपा का कब्जा है। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी खीरी तो भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा अरुण वर्मा धौरहरा लोकसभा सीट से सांसद है।

दो दिन पहले लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लोकसभा सीटों को लेकर बयान दिया था। उन्होंने लोकसभा की 11 सीटे कांग्रेस को देने की बात कही थी। मंगलवार को सपा ने लोक सभा की खीरी सीट पर पूर्व शहर विधायक उत्कर्ष वर्मा और धौरहरा सीट पर अनुराग भदौरिया को प्रत्याशी घोषित कर दिया है।

कांग्रेस के लिए जिले की कोई सीट न छोड़े जाने से राजनीति गरमा गई है और  सियासी घमासान शुरू हो गया है। अपना टिकट पक्का मानकर खीरी लोकसभा सीट के प्रत्याशी पूर्व शहर विधायक उत्कर्ष वर्मा ने तीन दिन पहले जिला कार्यकर्ता सम्मेलन भी एक गेस्ट हाउस में किया था और कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारियों में जुट जाने की बात कही थी। सपा के प्रत्याशी की घोषणा होने के बाद भाजपा ने भी अपनी गोट बिछानी शुरू कर दी है। 

पूर्व सांसद को लगा करारा झटका 
लखीमपुर खीरी। सपा से खीरी लोकसभा से सांसद रहे रवि प्रकाश वर्मा करीब चार माह पहले ही कांग्रेस में अपनी बेटी डॉ. पूर्वी वर्मा के साथ शामिल हुए थे। वह लोकसभा सीट खीरी सीट पर कांग्रेस से प्रबल दावेदार थे, लेकिन दोनों सीटों पर सपा के प्रत्याशियों के उतारे जाने से उनका राजनीतिक भविष्य दांव पर लग गया है। अब सवाल यह उठने लगा है कि सपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए रवि वर्मा और डाक्टर पूर्वी वर्मा की अब क्या रणनीति होगी। इसको लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। 


सपा ने दोनों सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर अपनी मंशा जाहिर की है। कांग्रेस हाईकमान की तरफ से ऐसा कोई दिशा निर्देश नहीं मिला है। जिले की दोनों सीटों पर इंटरनल करंट कांग्रेस के पक्ष में है। हाईकमान जो तय करेगा। उसका स्वागत होगा, लेकिन हम दोनों प्रत्याशियों को उतारे जाने की बात को अभी आधिकारिक नहीं मानते हैं। ---प्रहलाद पटेल जिलाध्यक्ष कांग्रेस 

राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लोकसभा की खीरी सीट से पूर्व विधायक उत्कर्ष वर्मा और धौरहरा लोकसभा सीट पर आनंद भदौरिया को प्रत्याशी घोषित किया है। दोनों सीटों पर सपा के प्रत्याशी चुनाव जीतेंगे। ---रामपाल सिंह यादव जिलाध्यक्ष सपा

संबंधित समाचार