एक फरवरी का इतिहास: अंतरिक्ष शटल कोलंबिया दुर्घटनाग्रस्त, कल्पना चावला का निधन, जानें आज की प्रमुख घटनाएं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। एक फरवरी का दिन दुनिया के अंतरिक्ष वैज्ञानिकों के दिल में एक टीस बनकर बसा है। वर्ष 2003 में इसी तारीख को अमेरिका का अंतरिक्ष शटल कोलंबिया अपना अंतरिक्ष मिशन समाप्त करने के बाद लौटने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और इसमें सवार सभी सात अंतरिक्ष यात्रियों की मौत हो गई।

भारतीय मूल की कल्पना चावला भी इस हादसे में मारी गईं। कोलंबिया में मिशन विशेषज्ञ के तौर पर गईं कल्पना भारत में हरियाणा के करनाल में एक जुलाई 1961 को पैदा हुईं और वह पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाली पहली महिला थीं।

देश-दुनिया के इतिहास में एक फरवरी की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1785 : वॉरेन हेस्टिंग्स ने काउंसिल की बैठक में अंतिम बार हिस्सा लिया और फिर बंगाल के गवर्नर जनरल के पद से इस्तीफा दे दिया।

1797 : लार्ड कॉर्नवालिस ने बंगाल के गवर्नर जनरल के तौर पर शपथ ली।

1831 : कलकत्ता में पहली ललित कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

1855 : ईस्ट इंडिया रेलवे का औपचारिक उद्घाटन।

1881 : दिल्ली में सेंट स्टीफन कॉलेज की स्थापना।

1922 : महात्मा गांधी ने भारत के तत्कालीन वायसराय को पत्र लिखकर बताया कि वह अपने आंदोलन को गति दे रहे हैं और असहयोग आंदोलन अब सविनय अवज्ञा आंदोलन होगा।

1977 : भारत के पहले राष्ट्रीय रेल संग्रहालय की नयी दिल्ली में स्थापना।

1979 : ईरान के आध्यात्मिक नेता आयतुल्ला खामनेई 14 वर्षों के निर्वासन के बाद स्वदेश वापस लौटे।

2002 : अमेरिकी पत्रकार डेनियल पर्ल की आतंकवादियों ने हत्या की।

2003 : अंतरिक्ष से वापस लौटते हुए अमेरिका का अंतरिक्ष यान कोलंबिया पृथ्वी के वातावरण में आते ही दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हादसे में भारत की कल्पना चावला सहित सातों अंतरिक्ष यात्री मारे गये।

2004 : सऊदी अरब में हज यात्रा के दौरान भगदड़ मचने से 250 से ज्यादा लोगों की मौत और 244 घायल।

2006 : विश्व स्वास्थ्य संगठन ने मिस्र और नाइजर से पोलियो के उन्मूलन की सूचना दी और केवल भारत, अफगानिस्तान, नाइजीरिया और पाकिस्तान में इसकी मौजूदगी की बात कही। कुछ देशों में इसका संक्रमण दोबारा लौटने की भी जानकारी दी।

2009 : भारत के महेश भूपति और सानिया मिर्जा की जोड़ी ने ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट में पहली बार मिश्रित युगल (मिक्स्ड डबल) का खिताब जीता।

2023 : पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को आर्थिक और राजनीतिक क्षेत्र में योगदान के लिए ‘इंडिया-यूके अचीवर्स ऑनर्स’ ने लंदन में “लाइफटाइम अचीवमेंट ऑनर’ से सम्मानित किया।

ये भी पढ़ें- 31 जनवरी का इतिहास: साल के पहले महीने की आखिरी तारीख अंतरिक्ष गतिविधियों के नाम

संबंधित समाचार