रायबरेली: शादी का झांसा देकर युवती के साथ करता रहा दुष्कर्म, दूसरी जगह विवाह करने पर पीड़िता पहुंची थाने
पुलिस ने दर्ज किया छेड़छाड़ का केस
खीरों, रायबरेली। थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती के साथ शादी का झांसा देकर एक युवक का कई सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी दौरान युवक ने दूसरी युवती के साथ भी शारीरिक संबंध बनाए और उसके साथ कोर्ट मैरिज भी कर ली। इसी युवती के साथ उसकी शादी भी होनी थी। जिसका बुधवार को तिलक का कार्यक्रम होना था।
पहली युवती को इसकी भनक लगी तो वह थाने पहुंच गई और पुलिस को उक्त युवक के साथ अश्लील वीडियो और तस्वीरें दिखाते हुए आपबीती बताई। पुलिस ने आरोपी युवक के विरुद्ध छेड़छाड़ का मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि वह परास्नातक तक शिक्षित है। वह जब कस्बा खीरों के एक इंटर कालेज में पढ़ती थी तभी अकोहरिया गांव निवासी जितेन्द्र कुमार उर्फ देवा पुत्र राजेश कुमार उसे रास्ते में रोककर छेड़छाड़ करता था।
ब्लैकमेल करने के लिए बना लिए अश्लील वीडियो
इसी दौरान दोनों में प्रेम प्रसंग चलने लगा। देवा उसे शादी का झांसा देकर कई सालों से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था। इसी दौरान उसने उसके कई अश्लील वीडियो और तस्वीरें भी बनाईं। इसके बाद देवा ने दूसरी युवती को भी अपने प्रेमजाल में फंसाया और उसके साथ सम्बंध बनाने के बाद उसके साथ कोर्ट मैरिज भी कर लिया। जिसका बुधवार को तिलक भी होना था। इसकी जानकारी जब उसे मिली तो उसने देवा से संपर्क किया तो देवा ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि पीड़िता के शिकायती पत्र के आधार पर नामजद आरोपी के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: प्रतापगढ़: वृद्ध महिला की गला रेतकर नृशंस हत्या, रक्त रंजित शव मिलने से मचा हड़कंप
