लखनऊ औद्योगिक क्षेत्र को जलभराव से मिलेगी निजात, एक्सप्रेस-वे के किनारे बनेंगी नालियां
लखनऊ, अमृत विचार। उद्योग बंधु समिति की बैठक बुधवार को हुई। जिसमें अमौसी, सरोजनी नगर और बंथरा स्थित औद्योगिक क्षेत्र में होने वाले जलभराव पर चर्चा हुई। जिसमें एनएचएआई के अधिकारियों ने समिति को बताया कि कानपुर एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ जल निकासी की व्यवस्था डीपीआर में है। इसके तहत दो मीटर चौड़ी नाली का निर्माण किया जायेगा। निर्माण से पहले चिन्हित भूमि पर प्रशासन की तरफ से निर्माण को हटाया जा रहा है।
समिति ने एनएचएआई के अधिकारियों को समस्या के निराकरण के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। यदि इसके बाद भी समस्या का निराकरण नहीं होता है, तो आयुक्त, लखनऊ मण्डल की अध्यक्षता मे बैठक कर निर्णय लिया जायेगा।
इस दौरान नादरगंज से लेकर सुनहरा रोड होते हुये अवध क्रासिंग तक जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण पर चर्चा हुई। जिसमें बिजली लाइनों को स्थानान्तरित करने में खर्च होने वाले बजट की जानकारी लोक निर्माण विभाग की तरफ से दी गई। इस पर समिति ने शासन से बजट पास कराने के लिए पत्र भेजने की बात कही है। इस अवसर पर लखनऊ मण्डल के अपर आयुक्त शीलधर सिंह यादव, अपर जिलाधिकारी उमेश चंद्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश सिंह समेत कई अधिकारी व उद्यमी और औद्यौगिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : हेमंत सोरेन ने ईडी के चार अधिकारियों पर SC/ST एक्ट के तहत दर्ज कराई FIR
