गोंडा में बिजली के खंभे से टकरायी अनियंत्रित कार, 15 गांव की सप्लाई बंद  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कौड़िया थाना क्षेत्र के बनगाई गांव के समीप हुआ हादसा, मरम्मत में जुटे कर्मचारी 

रुपईडीह/ गोंडा, अमृत विचार। बुधवार की रात लखनऊ से बलरामपुर की तरफ जा रही कार कौड़िया थाना क्षेत्र के बनगाई गांव के निकट अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से अचानक टकरा गई। कार के टकराने से बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गया और 15 से अधिक गांवों की बिजली गुल हो गयी। हादसे में कार चालक मामूली रूप से जख्मी हुआ है।प्राथमिक उपचार के बाद वह वाहन लेकर चला गया। 

ग्रामीणों की सूचना पर विद्युत उपकेंद्र आर्यनगर के अवर अभियंता अनिरुद्ध सिंह ने लाइनमैन रघुनाथ मिश्र के साथ पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी हासिल की। जेई ने बताया कि इस घटना से क्षेत्र के उमरा, हरखापुर, गुरुदियापुर, बनगाँई, पूरे पाठक अड़बड़वा खम्हरिया आदि गांवो को मिलाकर 15 गांवो की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। इस घटना के बारे में विभागीय अधिकारियों से वार्ता करने के बाद पुलिस को तहरीर दी जाएगी। क्षेत्र में ठप पड़ी बिजली व्यवस्था को शीघ्र ही बहाल किए जाने के लिए लाइन की मरम्मत की जा रही है। हालांकि इसमें 24 घंटे से अधिक का समय लग सकता है‌। इसलिए उपभोक्ताओं को शुक्रवार तक इंतजार करना होगा। शुक्रवार तक‌ सभी गांवों की बिजली आपूर्ति बहाल हो सकेगी। 

वहीं थानाध्यक्ष अंकुर वर्मा ने बताया कि इस घटना की जानकारी मिली है लेकिन बिजली विभाग द्वारा अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। कार मे केवल चालक सवार था‌। उसके सिर में चोटे आई है।

ये भी पढ़ें -Budget 2024 : कांग्रेस ने बजट को बताया मोदी सरकार का धोखा, कहा - देश की जनता हुई निराश, देखिये Video

संबंधित समाचार